संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को हरियाणा की राजनीति के दो बड़े केंद्र देखने को मिले. एक तरफ चंडीगढ़ स्थित हरियाणा विधानसभा में संविधान की 77वीं वर्षगांठ पर विशेष सत्र आयोजित हुआ, तो दूसरी तरफ पंचकूला की सड़कों पर हरियाणा कांग्रेस ने ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकालकर सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन किया. विधानसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शोक प्रस्तावों के साथ शुरू हुई, जिसके बाद करीब 11:15 बजे सदन को 75 मिनट के लिए स्थगित कर संविधान दिवस का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया.

इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्पीकर हरविंदर कल्याण और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित तमाम विधायकों ने विधानसभा परिसर में डॉ. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा, महात्मा गांधी और संविधान को पुष्पांजलि अर्पित की.
भारतीय संविधान की प्रस्तावना
स्पीकर कल्याण ने सभी सदस्यों को संविधान की हिंदी व अंग्रेजी प्रतियां भेंट कीं और सदन में संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा तथा इसके निर्माताओं के योगदान पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई. दोपहर 12:30 बजे जब सदन की कार्यवाही पुनः शुरू हुई, तो ‘संविधान दिवस पर हरियाणा की उपलब्धियों’ विषय पर चर्चा हुई. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सदन को संबोधित करते हुए भारतीय संविधान की प्रस्तावना के शुरुआती शब्दों “हम भारत के लोग” के महत्व को रेखांकित किया और कहा कि 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू हुआ यह दिवस लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है.
स्पीकर ने भी विधायकों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों और जागरूकता पर काम करने का आह्वान किया, हालांकि चर्चा के दौरान संविधान की रक्षा और संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली.
केंद्र और हरियाणा सरकार पर तीखा हमला
सदन में अपने संबोधन के दौरान नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और प्रदेश के हालातों को लेकर केंद्र व हरियाणा सरकार दोनों पर तीखा हमला बोला. संविधान का जिक्र करते हुए हुड्डा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि संविधान कोई लाइब्रेरी में रखने की साधारण किताब नहीं बल्कि देश की आत्मा है, लेकिन आज लोकतंत्र के चारों स्तंभों चुनाव आयोग, न्यायपालिका और मीडिया की निष्पक्षता व संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है.
हरियाणा की 23 विधानसभा सीटों पर वोटों के आंकड़ों में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए. इसके साथ ही, प्रदेश की बीजेपी सरकार को घेरते हुए हुड्डा ने आरोप लगाया कि हरियाणा आज देश का सबसे असुरक्षित राज्य बन गया है, जहां 60 ऑर्गनाइज्ड गैंग सक्रिय हैं.
सरकारी दावे पर उठाए सवाल
नीति आयोग के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने ‘विकसित हरियाणा’ के सरकारी दावे पर सवाल उठाए और कहा कि प्रति व्यक्ति आय व निवेश के आंकड़े हैरान करने वाले हैं. उन्होंने कांग्रेस सरकार के समय बनाए गए NIFT पंचकूला, डॉ. भीमराव अंबेडकर लॉ यूनिवर्सिटी, कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज और केंद्रीय विश्वविद्यालय जैसे प्रमुख शिक्षण संस्थानों का जिक्र करते हुए मौजूदा सरकार से उसके कामकाज का हिसाब मांगा.
वहीं, 24 फसलों पर एमएसपी के सरकारी दावे को चुनौती देते हुए हुड्डा ने कहा कि राज्य में मुश्किल से 56 फसलें ही होती हैं, इसलिए सरकार केवल बातें करने के बजाय धरातल पर काम करे और उन 24 फसलों के नाम सार्वजनिक करे.
संविधान की मूल भावना के साथ खिलवाड़
सदन में अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संविधान के इतिहास और डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने दशकों लंबे शासनकाल में न केवल संविधान की मूल भावना के साथ खिलवाड़ किया, बल्कि संविधान में किए गए 106 संशोधनों का हवाला देते हुए विपक्ष को अपना पुराना इतिहास पलटने की नसीहत दी.
डॉ. अंबेडकर के सम्मान को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच हुई तीखी नोकझोंक के बीच सैनी ने कहा कि आज संविधान की दुहाई देने वाली कांग्रेस के शासन में ही देश ने बदहाली देखी, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर ही 2015 से 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने की परंपरा शुरू कर संविधान निर्माताओं को सच्ची श्रद्धांजलि दी गई.
कांग्रेस ने निकाला ‘संविधान रक्षा मार्च’
दूसरी ओर, दोपहर बाद पंचकूला में हरियाणा कांग्रेस ने ‘चलो पंचकूला’ के नारे के साथ विशाल ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकाला, जिसमें प्रदेश भर से हजारों कार्यकर्ता, महिला कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी शामिल हुए. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा प्रभारी संजय दत्त और सांसद सतपाल ब्रह्मचारी के नेतृत्व में ये मार्च सेक्टर26 स्थित महाराणा प्रताप भवन से शुरू होकर सेक्टर25 स्थित अंबेडकर चौक तक पहुंचा.
बीजेपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी
हाथों में कांग्रेस के झंडे, संविधान की प्रतियां और बाबा साहेब के पोस्टर लिए कार्यकर्ताओं ने बीजेपी सरकार पर संविधान को कमजोर करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को खत्म करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की. मार्च के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण में कथित गड़बड़ी और वोट काटने के मुद्दे पर चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए इसे ‘वोट चोरी’ करार दिया और 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक गांवगांव ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ चौपाल लगाने का ऐलान किया. सेक्टर25 के अंबेडकर चौक पर पहुंचकर वरिष्ठ नेताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और संविधान की गरिमा व नागरिक अधिकारों की रक्षा का सामूहिक संकल्प लिया.



