मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के बहुचर्चित सिया हत्याकांड में आज अदालत बड़ा फैसला सुनाने जा रही है। कॉलेज छात्रा सिया की बेरहमी से हत्या करने के मामले में दोषी करार दिए गए विकास पटियाल को आज सजा सुनाई जाएगी।

आरोपी को आज सुनाई जाएगी सजा
मंडी जिले के इस चर्चित हत्याकांड में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, सरकाघाट की अदालत ने आरोपी विकास पटियाल को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का दोषी करार दिया है। अब आज अदालत के फैसले से तय होगा कि दोषी को मृत्युदंड मिलेगा या उम्रकैद। करीब सात महीने से इंसाफ का इंतजार कर रहे सिया के माता-पिता की निगाहें अब अदालत पर टिकी हैं।
कॉलेज जाते समय दराट से किया था हमला
यह मामला 13 अप्रैल 2026 का है। उस दिन सुबह करीब 9:44 बजे सिया कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान बैंजी गोपालपुर के पास उस पर दराट से हमला कर दिया गया। हमले में सिया की जान चली गई थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल था। वहीं, बेटी को खोने के बाद से ही परिवार आरोपी को सजा दिलाने के लिए न्याय की लड़ाई लड़ रहा था।
सात महीने से बेटी को इंसाफ मिलने का इंतजार
सिया के माता-पिता पिछले करीब सात महीने से अदालत के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। अब अदालत की ओर से आरोपी को दोषी करार दिए जाने के बाद सजा सुनाने की बारी है। परिवार को उम्मीद है कि शुक्रवार को अदालत ऐसा फैसला सुनाएगी, जिससे उनकी बेटी को इंसाफ मिल सके। इस फैसले को लेकर परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लोगों में भी उत्सुकता बनी हुई है।
माता-पिता बोले- ऐसी सजा मिले कि कोई दूसरी बेटी की जिंदगी न छीने
बेटी को खोने का दर्द बयां करते हुए सिया की माता रक्षा देवी और पिता ने कहा कि उनकी बेटी अब कभी वापस नहीं लौट सकती। लेकिन उन्हें अदालत से उम्मीद है कि दोषी को ऐसी सजा मिले, जिसे देखकर भविष्य में कोई भी किसी दूसरी बेटी की जिंदगी छीनने की हिम्मत न करे। माता-पिता का कहना है कि उनकी बेटी के साथ जो हुआ, वैसा किसी और परिवार के साथ नहीं होना चाहिए। अब शुक्रवार को आने वाले फैसले का इंतजार सिर्फ परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लोग कर रहे हैं।


