नवंबर के महीने में गोल्ड की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिल चुकी है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज के आंकड़ों को देखें तो इन 18 दिनों में सोने की कीमतों में 7.40 फीसदी यानी 10,372 रुपए तक टूट चुका है. जबकि चांदी के दाम में करीब 19 हजार रुपए से ज्यादा की गिरावट देखने को मिल चुकी है. अगर बात चांदी की करें तो यहां भी बड़ी तबा​ही देखी जा रही है. देश के वायदा बाजार में चांदी की कीमतों में करीब 10.55 फीसदी की गिरावट देखने को मिल चुकी है.

अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि आखिर सोने और चांदी की कीमतों में इतनी बड़ी गिरावट क्यों देखने को मिली. जबकि बात यह कही जा रही थी ईरान वॉर खत्म होने के संकेतों के मिलने के साथ सोने और चांदी की कीमतों में इजाफा देखने को मिलेगा. वास्तव में अमेरिका सहित दुनिया के तमाम देशों में महंगाई आसमान पर है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। जिसकी वजह से अमेरिकी फेड रिजर्व ने दिसंबर को होने वाली पॉलिसी मीटिंग में ब्याज दरों को बढ़ा सकती है.

वहीं दूसरी ओर डॉलर इंडेक्स अपने 20 साल के पीक पर है. इसके अलावा यूएस बॉन्ड यील्ड भी 5 फीसदी से ज्यादा पर बने हुए हैं. जिसकी वजह से सोने और चांदी की कीमतों में दबाव बना हुआ है. इसका मतलब है कि अमेरिका में हो रहे तमाम घटनाक्रमों की वजह से गोल्ड और सिल्वर की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है. आइए इसे विस्तार से समझने की कोशिश करते हैं.

पहले बात गोल्ड की

भारत के वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर नवंबर के महीने में सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिल चुकी है. आंकड़ों को देखें तो नवंबर के महीने में सोना 7.40 फीसदी यानी 10,372 रुपए प्रति दस ग्राम तक टूट चुका है. आंकड़ों को देखें तो अक्टूबर महीने के आखिरी कारोबारी दिन सोने के दाम 1,40,186 रुपए प्रतिद दस ग्राम था. जबकि 18 नवंबर को सोने का भाव 1,29,814 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया. खास बात तो ये है कि नवंबर के शुरूआती दिनों में सोने के दाम में तेजी देखने को मिली थी. 5 नवंबर तक सोने की कीमत में 4.05 फीसदी यानी 5,610 रुपए प्रति 10 ग्राम का इजाफा देखने को मिला था. उसके बाद सोने के दाम में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है.

चांदी के दाम 10.55 फीसदी क्रैश

वहीं दूसरी ओर चांदी के दाम में भी बड़ी गिरावट देखने को मिल चुकी है. नवंबर के महीने में देश के वायदा बाजार में चांदी की कीमत में 10.55 फीसदी की गिरावट देखी जा चुकी है. आंकड़ों को देखें तो 30 अक्टूबर को चांदी के दाम 1,79,698 रुपए प्र​ति किलोग्राम पर थे. जो 18 नवंबर को 1,60,734 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गए. इसका मतलब है कि इस दौरान चांदी की कीमतों में 18,964 रुपए प्रति किलोग्राम की गिरावट देखने को मिल चुकी है. वैसे शुरुआती दिनों में चांदी की कीमत में तेजी देखने को मिली थी. 5 नवंबर तक चांदी के दाम में 4.47 फीसदी यानी 8,008 रुपए प्रति किलोग्राम का इजाफा देखने को मिला था.

क्या अमेरिका की वजह से डूबा सोना और चांदी?

  • डॉलर इंडेक्स: आंकड़ों को देखें तो 103.78 के लेवल के साथ डॉलर इंडेक्स 20 साल के पीक पर दिखाई दे रहा है. बीते 5 दिनों में डॉलर इंडेक्स में 0.89%, एक महीने में 2 फीसदी, 3 महीने में 5 फीसदी और मौजूदा साल में 5.60 फीसदी और एक साल में 3.59 फीसदी का इजाफा देखने को मिल चुका है. जिसकी वजह से सोने और चांदी की कीमतों में प्रेशर बना हुआ है.
  • बॉन्ड यील्ड: गोल्ड पर प्रेशर बनाने में बॉन्ड यील्ड के आंकड़ों का भी कम योगदान नहीं है. 5 साल के लिए बॉन्ड यील्ड का रिटर्न 4.899%, 10 साल के लिए 5.085% और 30 साल के लिए बॉन्ड यील्ड का रिटर्न 5.434 फीसदी बना हुआ है. जिसका असर गोल्ड और सिल्वर की कीमतों पर गिरावट के रूप में देखने को मिल रहा है.
  • फेड रेट में संभावित बढ़ोतरी: वहीं दूसरी ओर अमेरिका में महंगाई की वजह से फेड रिजर्व में बढ़ोतरी की उम्मीद लगाई जा रही है. फेड वॉच टूल के अनुसार 96 फीसदी का अनुमान है कि ब्याज दरों में 25 बेसिस प्वाइंट्स की बढ़ोतरी हो सकती है. जिसकी वजह से सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है.

विदेशी बाजारों में क्या है सोने और चांदी का हाल?

  • विदेशी बाजारों में भी सोने का काफी बुरा हाल देखने को मिल रहा है. कॉमेक्स बाजार में गोल्ड फ्यूचर की कीमत 122.30 डॉलर प्रति ओंस की गिरावट के साथ 3,741.90 डॉलर प्रति ओंस पर कारोबार कर रहा है. जबकि गोल्ड स्पॉट के दाम फ्लैट 3,725.58 डॉलर प्रति ओंस पर हैं.
  • वहीं दूसरी ओर ब्रिटिश बाजार में सोने के दाम फ्लैट 2,832.82 पाउंड प्रति ओंस के साथ कारोबार कर रहे हैं. जबकि यूरोपीय बाजार में सोने की कीमत फ्लैट 3,394.92 यूरो प्रति ओंस पर दिखाई दे रही है.
  • अगर बात चांदी की करें तो कॉमेक्स बाजार में ​फ्यूचर सिल्वर की कीमत करीब 5 फीसदी की गिरावट के साथ 45.06 डॉलर प्र​ति ओंस पर दिखाई दे रही हैं. जबकि सिल्वर स्पॉट के दाम भी 5 फीसदी की गिरावट के साथ 45.07 डॉलर प्रति ओंस पर आ गए हैं.
  • ब्रिटिश मार्केट में सिल्वर के दाम फ्लैट 34.2686 पाउंड प्रति ओंस पर ट्रेड करते हुए दिखाई दिए. जबकि यूरोपीय बाजारों में सिल्वर की कीमत फ्लैट 41.0540 यूरो प्रति ओंस पर कारोबार करती हुई दिखाई दी.

कहां जाकर रुक सकती ये गिरावट?

सेबी रजिस्टर्ड कमोडिटी करेंसी मार्केट के एक्सपर्ट अनुज गुप्ता ने कहा कि सोने और चांदी की कीमतों में अभी गिरावट जारी रह सकती है. उनका कहना है कि डॉलर इंडेक्स करीब 20 साल के पीक पर दिखाई दे रहा है. वहीं दूसरी ओर अमेरिकी बॉन्ड यील्ड की दरें अभी 5 फीसदी और उससे ऊपर दिखाई दे रही हैं. साथ ही फेड रेट में इस बार एक और 0.25 फीसदी की कटौती संभव है. ये तीनों ही कारण अमेरिका से ही आ रहे हैं. जिसकी वजह से सोने और चांदी की कीमतों में आगे भी प्रेशर बना रह सकता है. उन्होंने कहा कि सोना आने वाले दिनों में 1 लाख के आसपास दिखाई दे सकता है. जबकि चांदी के दाम 1.50 रुपए से नीचे आते हुए भी दिखाई दे सकते हैं.