पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में बेटे के जन्म की खुशी में आयोजित पार्टी उस समय विवाद में बदल गई, जब नेग मांगने पहुंचे किन्नरों और परिवार के बीच पैसों को लेकर झगड़ा हो गया। आरोप है कि इस दौरान किन्नरों के साथ आए ड्राइवर सोनू ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में जय सिंह, उनके ससुर बिट्टू सिंह और चचेरे ससुर गुड्डू सिंह घायल हो गए। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। गंभीर रूप से घायल जय सिंह की अस्पताल में मौत हो गई।

ईस्ट जिले के DCP राजीव कुमार के अनुसार, जय सिंह अपने परिवार के साथ कल्याणपुरी के 11 ब्लॉक में रहते थे। वह गुरुग्राम में सरिया बांधने का काम करते थे। करीब 13 दिन पहले उनके घर बेटे का जन्म हुआ था। इसी खुशी में बुधवार रात उनके ससुर बिट्टू सिंह ने अपने घर पर पार्टी रखी थी। रात करीब 9 से 10 बजे के बीच जय सिंह भी वहां पहुंचे थे।

बताया गया है कि पार्टी के दौरान 45 किन्नर नेग लेने पहुंचे। नेग के पैसों को लेकर परिवार और उनके बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान जय सिंह की ओर से किसी व्यक्ति ने एक किन्नर को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद किन्नरों के साथ आए ड्राइवर सोनू ने चाकू निकालकर जय सिंह पर हमला कर दिया। उन्हें बचाने आए बिट्टू सिंह और गुड्डू सिंह पर भी चाकू से हमला किया गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने सोनू को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सोनू को भीड़ से छुड़ाया। इस दौरान भीड़ ने पुलिस की कई बाइक और एक गाड़ी को नुकसान पहुंचाया। घायल सोनू को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस एक किन्नर से भी पूछताछ कर रही है।

घटना के बाद कल्याणपुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया। जय सिंह का पोस्टमॉर्टम कराया गया और गुरुवार सुबह उनका अंतिम संस्कार किया गया।

जय सिंह के मामा जसवंत सिंह ने बताया कि जय सिंह परिवार में अकेले कमाने वाले थे। उनके पिता राजू कई साल पहले अचानक लापता हो गए थे। परिवार में उनकी मां गीता कौर, छोटा भाई अजय सिंह, दो छोटी बहनें और पत्नी गुरप्रीत कौर हैं। जय सिंह की कमाई से परिवार का खर्च चलता था। बेटे के जन्म के कुछ ही दिनों बाद हुई इस घटना ने परिवार को गहरे संकट में छोड़ दिया है।