
ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रविवार तड़के शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए पैदल जा रहे करीब 40 श्रद्धालुओं को धान से लदे एक बेकाबू ट्रक ने रौंद दिया। यह भीषण हादसा रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच उस वक्त हुआ जब छिनोर की तरफ से आ रहा ट्रक तेज ढलान पर पुलिस के बैरिकेड्स तोड़ते हुए सीधे मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से जा टकराया। इस दर्दनाक घटना में अब तक 14 लोगों की मौत की खबर है जबकि ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों समेत 25 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं।
‘लोगों को मौके पर ही दम तोड़ते देखा…’ चश्मदीद ने बयां किया खौफनाक मंजर
हादसे के बाद मंदिर मार्ग पर चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद एक चश्मदीद के मुताबिक रात करीब 1 बजे श्रद्धालु दर्शन के लिए आगे बढ़ रहे थे, तभी एक ट्रक अचानक तेजी से आया। किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और ट्रक सड़क किनारे की दुकानों व श्रद्धालुओं को कुचलता चला गया।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उसने अपनी आंखों के सामने कई लोगों को मौके पर ही दम तोड़ते हुए देखा और इस हादसे में उसके भाई को भी चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में कई एम्बुलेंस मौके पर भेजी गईं और जिला कलेक्टर रुचिका चौहान व एसएसपी धर्मवीर सिंह समेत तमाम आला अधिकारी तुरंत घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे।
बैरिकेड्स तोड़कर मंदिर की दीवार से टकराया ट्रक, 2 पुलिसकर्मी भी घायल: एसएसपी
ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि छिनोर की तरफ से मंदिर की ओर आने वाली सड़क पर एक तेज ढलान है। नवरात्रि और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए इस रास्ते पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित की गई थी।
एसएसपी के मुताबिक, रात करीब 1:30 बजे धान से लदा एक ट्रक वहां रुका हुआ था। अचानक वह ट्रक पुलिस के लगाए गए बैरिकेड्स को तोड़ते हुए अनियंत्रित हो गया और ढलान से तेजी से नीचे की तरफ आते हुए मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से जा भिड़ा।
इस दौरान सड़क पर चल रहे श्रद्धालु और मौके पर तैनात दो पुलिसकर्मी उसकी चपेट में आ गए। एसएसपी ने बताया कि कुल 39 लोगों को अस्पताल लाया गया था जिनमें शुरुआती तौर पर 12 लोगों की मौत हुई थी (जो आंकड़ा बाद में बढ़कर 14 तक पहुंच गया)। फिलहाल 5 से 6 मरीजों को गंभीर फ्रैक्चर और चोटें हैं, जबकि बाकी घायलों का इलाज चल रहा है।
नो-एंट्री और चेक-पॉइंट के बावजूद अंदर कैसे घुसा ट्रक? RTO टीम करेगी जांच
इस हादसे ने सुरक्षा इंतजामों और ट्रैफिक बैरिकेडिंग पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। ग्वालियर की कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि रात करीब 1:30 बजे सूचना मिली थी कि छिनोर की ओर से आ रहा ट्रक बेकाबू होकर लगातार बाईं तरफ मुड़ता चला गया। कलेक्टर के शुरुआती बयान में 11 लोगों की जान जाने, 5-6 के गंभीर होने और करीब 29 लोगों को अलग-अलग चोटें आने की जानकारी दी गई थी।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि नवरात्रि के चलते उस सड़क पर स्टॉपर और पुलिस चेक-पॉइंट मौजूद थे, ऐसे में यह गंभीर जांच का विषय है कि आखिर वह भारी वाहन अंदर कैसे घुस आया। प्रशासन ने ट्रक की तकनीकी और मैकेनिकल जांच के लिए आरटीओ (RTO) की एक विशेष टीम मौके पर भेजी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ट्रक में कोई तकनीकी खराबी (जैसे ब्रेक फेल होना) आई थी या वह किसी और वजह से बाईं ओर मुड़ा।



