उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर औपचारिक बातचीत महज कुछ मिनट ही चली. सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के नेताओं की बैठक हुई. बैठक में शामिल होने के लिए कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और सांसद इमरान मसूद पहुंचे. सपा की ओर से राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और इकरा हसन बातचीत में शामिल हुए.

बैठक के बाद रामगोपाल यादव ने कहा कि आज बैठक हुई है, कल फिर बैठक होगी… 23 दिन के अंदर सारी बातचीत पूरी कर लेंगे, समझौता सम्मानजनक तरीके से होगा.बैठक शुरू होने से पहले कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि उन्हें यह आवास पार्टी की ओर से दिया गया है… सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बैठक हो रही है. उन्होंने कहा, ‘हम आज बहुत सौहार्दपूर्ण माहौल में मिल रहे हैं… यह तय हुआ है कि आपसी सम्मान और प्रेम के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत आगे बढ़ेगी.’ बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह उनके गठबंधन का मामला है, ऐसे में बीजेपी इतनी परेशान क्यों हो रही है?

हर सीट पर अलगअलग होगी चर्चा: राजीव राय

सपा सांसद राजीव राय ने बताया कि प्रमोद तिवारी के आवास पर दोपहर 12 बजे बैठक तय है. दोनों दलों के नेता हर विधानसभा सीट पर अलगअलग चर्चा करेंगे. उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों के शीर्ष नेतृत्व का लक्ष्य बीजेपी को हराना है और इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर फैसले लिए जाएंगे.

राजीव राय ने कहा कि अखिलेश यादव पहले दिन से ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सीटों के बंटवारे में जीतने की क्षमता यानी विनेबिलिटी को आधार बनाया जाएगा. 2024 के लोकसभा चुनाव में भी सीटों का बंटवारा केवल पुराने चुनावी आंकड़ों के आधार पर नहीं हुआ था. उन्होंने कहा कि दोनों दल ऐसा समझौता चाहते हैं, जिसमें दोनों के लिए जीत की संभावना हो. बातचीत अभी शुरू हुई है, इसलिए यह कहना मुश्किल है कि इसके कितने दौर होंगे.

दोतिहाई बहुमत से सरकार बनाने का दावा

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि गठबंधन की आधिकारिक बैठक शुरू हो गई है. दोनों पक्षों के प्रतिनिधि उन विधानसभा क्षेत्रों की शॉर्टलिस्टिंग करेंगे, जहां गठबंधन की जीत की संभावना है. उन्होंने दावा किया कि गठबंधन उत्तर प्रदेश में दोतिहाई बहुमत से सरकार बनाएगा.

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी बातचीत को लेकर भरोसा जताया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘सब कुछ सुचारू रूप से चलेगा.’ बीजेपी के नारे राधेराधे कमल खिलाड़े पर तंज कसते हुए इमरान मसूद ने कहा कि पहले भगवान राम नाराज हो गए और अब भगवान कृष्ण नाराज हो गए. बीजेपी और चुनाव आयोग को लेकर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि पहले चुनाव आयोग कमल खिलाने का काम कर रहा था, लेकिन अब चुनाव आयोग दबाव में है.

सपा सांसद अवधेश प्रसाद बोले कोई मतभेद नहीं

सीट बंटवारे की बातचीत पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि वार्ता अच्छी चलेगी. दोनों पार्टियों के बीच सीटों को लेकर किसी तरह का टकराव या मतभेद नहीं है. उन्होंने बातचीत को लेकर सकारात्मक रुख जताया.

कांग्रेस ने सौंपी थी 181 सीटों की सूची

सीट बंटवारे की औपचारिक बातचीत से पहले कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी थी. इस सूची में 135 सामान्य, 45 अनुसूचित जाति और एक अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट शामिल है. कांग्रेस गठबंधन में सम्मानजनक हिस्सेदारी चाहती है. वहीं, सूत्रों के मुताबिक समाजवादी पार्टी फिलहाल कांग्रेस को 50 से 60 सीटें देने के पक्ष में है. अगर कांग्रेस ज्यादा सीटों की मांग करती है तो 10 से 20 सीटें और देने पर विचार हो सकता है.

दोनों दलों ने बनाई है बातचीत के लिए कमेटी

अखिलेश यादव ने सीट बंटवारे की बातचीत के लिए सपा की चार सदस्यीय कमेटी बनाई है. इसकी अगुवाई पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव कर रहे हैं. कमेटी में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन शामिल हैं. कांग्रेस की ओर से भी बातचीत के लिए कमेटी बनाई गई है. इसमें यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद और विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी शामिल हैं. कांग्रेस की बातचीत में प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल की भूमिका भी अहम मानी जा रही है.

2022 में अलगअलग लड़े थे चुनाव, 2024 में साथ आए

2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने अलगअलग चुनाव लड़ा था. सपा ने 347 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और 111 सीटें जीती थीं. कांग्रेस ने 399 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उसे सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली थी. वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दल INDIA गठबंधन के तहत साथ आए. सपा ने 62 सीटों पर चुनाव लड़कर 37 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस ने 17 सीटों पर उम्मीदवार उतारे और छह सीटों पर जीत दर्ज की.