
Vaishali News: रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात बिहार के वैशाली जिले से सामने आई है. यहां बेलसर थाना क्षेत्र के मौना विशनपुर गांव में एक देवर ने अपनी ही गर्भवती भाभी (जो कथित तौर पर उसकी प्रेमिका भी थी) की बेरहमी से गला दबाकर हत्या कर डाली. चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी, ताकि वह शक के दायरे से बाहर रह सके और परिजनों को फंसा सके.
मृतका की पहचान राधा कुमारी (पति दीपक पटेल) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, राधा का पति पुणे में मजदूरी करता है. घटना के वक्त घर के अन्य सदस्य खेत में गेहूं काटने गए थे. घर को खाली पाकर पड़ोसी और रिश्ते में देवर लगने वाले साहिल पटेल ने घर में प्रवेश किया. मृतका के जीजा महेश पटेल का आरोप है कि साहिल ने राधा के साथ जोर-जबरदस्ती की कोशिश की और विरोध करने पर रस्सी से गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया. राधा तीन महीने की गर्भवती थी और उसके पहले से दो बच्चे हैं.
पुलिस को गुमराह करने की रची साजिश
आरोपी साहिल पटेल ने हत्या के बाद बेहद शातिराना खेल खेला. उसने खुद पुलिस को फोन कर महिला की मौत की जानकारी दी. उसका मकसद मृतका के सास-ससुर को इस मामले में फंसाना था ताकि वह खुद को बेगुनाह साबित कर सके. हालांकि, जांच के दौरान मृतका और आरोपी के बीच मोबाइल पर लंबी बातचीत होने के प्रमाण मिले हैं, जिससे पुलिस का शक उस पर गहरा गया.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ SDPO-2 गोपाल मंडल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है. SDPO गोपाल मंडल के अनुसार- पुलिस को संदिग्ध परिस्थिति में महिला की मौत की सूचना मिली थी. मृतका के गले पर चोट के निशान पाए गए हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। मुजफ्फरपुर से मृतका के परिजन भी पहुंच गए हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होगी. फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग रिश्तों की इस बलि को देखकर स्तब्ध हैं.



