Himachal Se: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के विद्यामठ आश्रम के एक मंदिर में चोरी का मामला सामने आया है. चोरी विद्यामठ आश्रम में स्थित हनुमान मंदिर में की गई. मामले में पुलिस ने आरोपी राजू खान को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हनुमान मंदिर से आभूषण चोरी किए थे. इन आभूषणों को खरीदने वाले दो लोगों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. यह घटना 24 अप्रैल की है.

दरअसल, वाराणसी के भेलूपुर इलाके में शंकराचार्य घाट स्थित हनुमान मंदिर से आभूषण चोरी हो गए थे. मंदिर प्रशासन ने वारदात के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी. मामला सामने आते ही मंदिर प्रशासन और पुलिस दोनों अलर्ट हो गए, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर के आसपास लगे CCTV खंगालने शुरू किए. सीसीटीवी फुटेज में एक युवक मंदिर परिसर में घूमता दिखाई दिया और फिर मंदिर से आभूषण लेकर निकलता नजर आया. पुलिस ने CCTV के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली.
पुलिस ने आरोपी को किया अरेस्ट
पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे लंका क्षेत्र के नरियासाकेत नगर से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान राजू खान के रूप में हुई है. जांच में पुलिस को पता चला कि चोरी के बाद आरोपी ने आभूषण दो लोगों को बेच दिया था. इसके बाद पुलिस ने उन दोनों खरीदारों को भी गिरफ्तार कर लिया. दोनों खरीदारों की पहचान ध्रुव कुमार वर्मा और संतोष वर्मा के रूप में हुई है.
सीसीटीवी से खुला राज
पुलिस ने तीनों आरोपियों से पूछताछ के बाद चोरी के आभूषण बरामद कर लिए हैं. चोरी किए आभूषणों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने तीनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है. वहीं इस मामले पर एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने कहा कि CCTV फुटेज और टेक्निकल इनपुट्स के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया गया है. मंदिर जैसे सुरक्षित स्थान से चोरी कैसे हुई, और चोरी का सामान इतनी आसानी से कैसे बेच दिया गया. पुलिस अब इन सवालों के जवाब भी तलाश रही है.



