Featured Image

उत्तर प्रदेश के झांसी में शादी के महज तीन महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. 28 साल की मुस्कान सिदौलिया का शव होटल के कमरे से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मुस्कान रेलवे में जूनियर इंजीनियर (JE) की परीक्षा देने के लिए अपने मायके आई थी. उसके पिता ने पति नीलेश पर हत्या का शक जताया है. आरोप है कि नीलेश पहले से शादीशुदा था और यह बात छिपाकर उसने मुस्कान से दूसरी शादी की थी. फिलहाल पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. होटल के सीसीटीवी फुटेज में मुस्कान गिरती हुई दिखाई दे रही है.

झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले रामजीलाल अहिरवार ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी मुस्कान की शादी 29 जून 2026 को मध्य प्रदेश के विदिशा निवासी अविनाश के बेटे नीलेश से की थी. परिवार ने धूमधाम से शादी की थी. पिता के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद मुस्कान को पता चला कि उसका पति पहले से शादीशुदा है और उसकी पहली पत्नी इंदौर में रहती है.

रामजीलाल का आरोप है कि शादी से पहले यह बात उनसे छिपाई गई थी. जब मुस्कान को सच्चाई पता चली तो पति उसे परेशान करने लगा. वह अपनी पहली पत्नी की तारीफ करते हुए मुस्कान को ताने देता था. इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद भी होता था.

रेलवे की परीक्षा देने मायके आई थी मुस्कान

मुस्कान की 28 अक्टूबर को रेलवे में जूनियर इंजीनियर की परीक्षा होनी थी. इसलिए उसके पिता 10 अक्टूबर को उसे ससुराल से झांसी लेकर आए थे. पिता के अनुसार, 23 अक्टूबर की रात नीलेश झांसी पहुंचा. उसने मुस्कान को अपनी मौसी के घर गणेश विहार ले जाने की बात कही और उसे अपने साथ ले गया.

अगली सुबह जब परिवार ने मुस्कान से संपर्क करने की कोशिश की तो नीलेश ने पहले रुद्र होटल में होने की बात बताई. कुछ देर बाद उसने अस्पताल में होने की जानकारी दी. परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंचे तो मुस्कान की मौत हो चुकी थी.

पिता ने पति पर लगाया हत्या का आरोप

मुस्कान के पिता का कहना है कि नीलेश ने उन्हें बताया था कि होटल के कमरे में अचानक गिरने से मुस्कान की मौत हो गई. हालांकि, परिवार को उसकी बात पर भरोसा नहीं है. रामजीलाल के मुताबिक, बेटी के सिर पर चोट के निशान थे. उन्होंने आशंका जताई कि नीलेश ने मुस्कान का मुंह पकड़कर उसका सिर दीवार से टकराया होगा. पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है.

CCTV में गिरती दिखी मुस्कान, पति हिरासत में

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में नीलेश ने बताया कि वह मुस्कान के साथ ऋषभ होटल में रुका था. सुबह मुस्कान अचानक गिर गई. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसका वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में दिख रहा है कि मुस्कान कमरे में जैसे ही कदम रखती है. करीब पांच सेकंड बाद वह जमीन पर गिर पड़ती है, इसके बाद होटल कर्मचारी की मदद से उसे ऑटो में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि दंपति होटल के कमरा नंबर 212 में रुके थे. सीसीटीवी फुटेज में मुस्कान कमरे में जाने के बाद गिरती दिखाई दे रही है. पुलिस फुटेज और परिजनों के आरोपों की जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल नीलेश पुलिस की हिरासत में है.