Indore Garba Firing: मध्य प्रदेश के इंदौर में नवरात्रि पर गरबा आयोजन के दौरान रास्ता रोकने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक रिटायर्ड आर्मी अधिकारी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी. इस घटना में गरबा पंडाल में मौजूद रक्षित नाम के युवक की गोली लगने से मौत हो गई. घटना एमआईजी थाना क्षेत्र की कृष्ण बाग कॉलोनी की है. पुलिस ने रिटायर्ड आर्मी अधिकारी नीरज और उसके बेटे केशव को गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें अधिकारी फायरिंग करते नजर आ रहे हैं.

पूरा मामला इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र की कृष्ण बाग कॉलोनी का है. नवरात्रि के अवसर पर कॉलोनी में कुछ युवकों की ओर से गरबा का आयोजन किया जा रहा था. इस दौरान रिटायर्ड आर्मी अधिकारी नीरज का बेटा केशव बाइक से वहां से गुजर रहा था. आरोप है कि केशव ने गरबा आयोजन में मौजूद लोगों से रास्ता देने के लिए कहा. इसी बात को लेकर उसके और गरबा आयोजकों के बीच विवाद हो गया.
शुरुआत में रास्ता देने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में बढ़ गया. इसके बाद केशव ने अपने पिता नीरज को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी. बेटे से विवाद की बात सुनने के बाद नीरज अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर गरबा पंडाल पहुंच गया.
लाइसेंसी रिवॉल्वर से किए दो से तीन फायर
आरोप है कि गरबा पंडाल में पहुंचने के बाद रिटायर्ड आर्मी अधिकारी नीरज ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से एक के बाद एक दो से तीन फायर किए. इस दौरान वहां मौजूद रक्षित नाम के युवक को गोली लग गई. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. नवरात्रि के दौरान गरबा आयोजन में हुई इस फायरिंग से इलाके में तनाव का माहौल बन गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रास्ता रोकने को लेकर हुआ विवाद ही इस घटना की वजह बताया जा रहा है.
पुलिस ने रिटायर्ड अधिकारी और बेटे को किया गिरफ्तार
फायरिंग की जानकारी मिलते ही एमआईजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए रिटायर्ड आर्मी अधिकारी नीरज और उसके बेटे केशव को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है. साथ ही विवाद की शुरुआत से लेकर फायरिंग तक की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में रिटायर्ड आर्मी अधिकारी को अपने बेटे के साथ मौके पर मौजूद रहते हुए फायरिंग करते देखा जा सकता है.



