
Tikamgarh News: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में एक युवक अपनी शादी की परेशानी लेकर सीधे कलेक्टर के पास पहुंच गया। 22 साल के शिवम राय ने कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय को आवेदन देकर कहा कि उसकी शादी के लिए लड़की वाले आते तो हैं, लेकिन घर तक पहुंचने से पहले ही वापस लौट जाते हैं। युवक का आरोप है कि मोहल्ले के कुछ लोग उसकी शादी में जानबूझकर अड़ंगा लगा रहे हैं। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। बार-बार रिश्ता बिगड़ने से परेशान शिवम ने अब प्रशासन से मदद मांगी है।
यह मामला टीकमगढ़ जिले के कुण्डेश्वर का है जहां मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत चौपाल लगाई गई थी। आम तौर पर इस तरह की जनसुनवाई में लोग सड़क, बिजली, पानी, राशन, जमीन या सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें लेकर पहुंचते हैं। लेकिन यहां शिवम अपनी शादी कराने की गुहार लेकर पहुंचा।
लड़की वाले घर पहुंचने से पहले ही लौट जाते हैं
कुण्डेश्वर निवासी शिवम राय ने कलेक्टर को दिए आवेदन में बताया कि उसकी शादी के लिए कई बार रिश्ते आ चुके हैं। लड़की पक्ष के लोग उसे और उसके परिवार को देखने के लिए घर की तरफ आते हैं लेकिन रास्ते से ही वापस लौट जाते हैं।
शिवम का आरोप है कि उसके मोहल्ले के कुछ लोग लड़की वालों को रास्ते में रोककर उसके बारे में गलत बातें बताते हैं। इससे लड़की पक्ष के लोग बिना उससे मिले ही लौट जाते हैं और शादी की बातचीत आगे नहीं बढ़ पाती। युवक के मुताबिक ऐसा एक-दो बार नहीं, बल्कि कई बार हो चुका है। हर बार रिश्ता तय होने की उम्मीद बनती है, लेकिन बात बीच में ही खत्म हो जाती है।
कलेक्टर के सामने रखी परेशानी, गुटखा छोड़ने की मिली सलाह
शिवम ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की चौपाल में पहुंचकर कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय को अपनी समस्या बताई और शादी कराने में मदद की अपील की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक युवक की बात सुनने के बाद कलेक्टर ने उससे कुछ सवाल भी पूछे। बातचीत के दौरान युवक के गुटखा खाने की जानकारी सामने आई, जिस पर कलेक्टर ने उसे गुटखा छोड़ने की सलाह दी। हालांकि, प्रशासन की तरफ से अब तक यह नहीं किया बताया गया है कि शिवम के आवेदन पर कोई जांच होगी या किसी अधिकारी को मामले में आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जन विश्वास अभियान की चौपाल में आया अलग तरह का आवेदन
कुण्डेश्वर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित जनसंवाद शिविर में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। इस शिविर में कुल 73 आवेदन मिले। इनमें राजस्व रिकॉर्ड, जमीन से जुड़े मामले, सड़क निर्माण, आवास योजना और सरकारी सुविधाओं की शिकायतें शामिल थीं।
कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को लोगों की समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। इसी दौरान शिवम राय का शादी से जुड़ा आवेदन भी सामने आया, जिसकी चर्चा होने लगी।



