Himachal Se: Saharanpur News: उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के नानौता कस्बे में रविवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने अपनी ही गर्भवती भाभी की धारदार हथियार से हत्या कर दी और करीब दो घंटे तक शव को कमरे में बंधक बनाए रखा. आरोपी के हाथ में फावड़ा होने के कारण इलाके में दहशत का माहौल बना रहा. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

जानकारी के अनुसार, नगर के मोहल्ला चाहंमजिली निवासी सलमान रावी पुत्र इशहाक ने करीब पांच महीने पहले सना नाम की युवती से प्रेम विवाह किया था. बताया जा रहा है कि युवती गैर बिरादरी की थी, जिस कारण परिवार में तनाव बना हुआ था. शादी के बाद दोनों कुछ समय अलग मकान में रहे, लेकिन पिछले दो महीनों से सलमान अपनी पत्नी सना को पैतृक घर में लेकर रह रहा था.
देवर ने भाभी कर दी हत्या
इस बीच सलमान का छोटा भाई आमिर राव, जो दूसरे राज्य में फलों का कारोबार करता है, कुछ दिन पहले घर लौटा था. परिजनों और आसपास के लोगों के अनुसार, वह अपने बड़े भाई की गैर बिरादरी में हुई शादी से नाराज था. रविवार शाम इसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया.
आरोप है कि आमिर ने धारदार हथियार से अपनी भाभी सना पर हमला कर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपी कमरे में शव के साथ बंद हो गया और करीब दो घंटे तक जमकर उत्पात मचाता रहा. उसकी चीखपुकार और दहाड़ सुनकर मोहल्ले में अफरातफरी मच गई. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। डर के कारण लोग अपने घरों में कैद हो गए.
दो घंटे तक शव को कमरे में रखा बंद
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी के हाथ में फावड़ा था और जो भी उसे समझाने या पास जाने की कोशिश करता, वह उस पर हमला करने के लिए दौड़ पड़ता था. सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास का क्षेत्र घेर लिया और काफी देर तक समझाने के बाद किसी तरह आरोपी को काबू में किया.
थाना प्रभारी नवीन कुमार सैनी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. घटना के बाद पूरे नगर में दहशत और का माहौल बना हुआ है.



