Rajasthan Open Jail Case: राजस्थान की खुली जेलों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जयपुर के चर्चित झोटवाड़ा हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहा श्रीगंगानगर निवासी दीक्षांत कामरा कथित तौर पर पांच दिन तक थाईलैंड घूमकर आ गया. हैरानी की बात यह है कि इस दौरान जेल में उसकी नियमित हाजिरी दर्ज होती रही. वहीं अब जवाहर नगर थाना पुलिस ने उसे करीब 40 ग्राम अफीम के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

जानकारी के अनुसार, दीक्षांत कामरा 9 अक्टूबर 2025 से 13 अक्टूबर 2025 तक थाईलैंड में रहा. उसके पासपोर्ट पर विदेश यात्रा से संबंधित एंट्री भी दर्ज बताई गई है. आरोप है कि विदेश यात्रा के दौरान भी खुली जेल में उसकी सुबहशाम की हाजिरी नियमित रूप से लगती रही. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर एक सजायाफ्ता कैदी जेल की निगरानी व्यवस्था के बीच विदेश कैसे पहुंच गया?
पुलिस गश्त के दौरान लावारिस गाड़ी से मिला पासपोर्ट और अफीम
इस पूरे मामले में एएसपी दीपक शर्मा ने बताया कि पुलिस गश्त के दौरान जवाहर नगर थाना क्षेत्र में एक लावारिस गाड़ी को चेक किया गया था. तलाशी के दौरान गाड़ी से करीब 40 ग्राम अफीम और एक पासपोर्ट बरामद हुआ. पासपोर्ट दीक्षांत कामरा के नाम पर था. जांच में सामने आया कि जिस गाड़ी की तलाशी ली गई थी, वह दीक्षांत कामरा के भाई की थी. पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. मामले की जांच सब इंस्पेक्टर नरेश कुमार को सौंपा गई.
अनुसंधान के दौरान सामने आए तथ्यों और अपराध प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस ने दीक्षांत कामरा को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उसे जेल भेज दिया गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। एएसपी के अनुसार, दीक्षांत पूर्व में झोटवाड़ा के हत्या प्रकरण में आजीवन कारावास की सजा भुगत रहा था और नरसिंहपुर खुली जेल में सजा काट रहा था. इसी सजा के दौरान उस पर अफीम से जुड़े इस नए मामले में संलिप्तता सामने आई.
2018 में प्रेमिका के साथ किया था अपहरण और हत्या का अपराध
दीक्षांत कामरा जयपुर के चर्चित दुष्यंत हत्याकांड में दोषी ठहराया गया था. वर्ष 2018 में उसने अपनी प्रेमिका प्रिया सेठ के साथ मिलकर झोटवाड़ा निवासी दुष्यंत का अपहरण किया था. आरोपियों ने दुष्यंत को छोड़ने के बदले उसके पिता से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी. फिरौती की रकम मिलने के बाद भी दुष्यंत की हत्या कर दी गई थी. बाद में पुलिस जांच में दोनों की भूमिका सामने आई और अदालत ने दीक्षांत को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी.
पासपोर्ट और विदेश यात्रा ने खड़े किए गंभीर सवाल
मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी के पास पासपोर्ट कैसे मौजूद रहा और वह कथित तौर पर थाईलैंड तक कैसे पहुंच गया? उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उसका पासपोर्ट वर्ष 2016 में जारी हुआ था. वर्ष 2023 में आजीवन कारावास की सजा होने के बाद भी पासपोर्ट जब्त किए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
खुली जेल में बंदियों को निर्धारित नियमों के अनुसार नियमित रूप से हाजिरी देनी होती है. ऐसे में यदि दीक्षांत कामरा पांच दिन तक विदेश में था तो उसकी अनुपस्थिति के बावजूद हाजिरी कैसे दर्ज होती रही? क्या हाजिरी व्यवस्था में लापरवाही हुई या किसी स्तर पर मिलीभगत रही? यह जांच का विषय है.
शंकर बंसारी की रिपोर्ट



