
ब्राजील के साओ पाउलो से अमेरिका के अटलांटा जा रहे एक यात्री विमान में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद उसके बाएं इंजन ने आग पकड़ ली। डेल्टा एयरलाइंस की इस फ्लाइट (एयरबस A330-300) में 272 यात्री और 14 क्रू मेंबर सवार थे। रविवार को हुई इस खौफनाक घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह वायरल हो रहे हैं।
इंजन से निकलीं लपटें और गिरा मलबा
ग्वारुलहोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से टेकऑफ करते ही विमान के बाएं इंजन से तेज धमाकों के साथ चिंगारियां और आग की लपटें निकलने लगीं। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने तुरंत पायलट को पंख में आग लगने की चेतावनी दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तत्काल इमरजेंसी घोषित की और विमान को वापस एयरपोर्ट मोड़ने का साहसी फैसला लिया। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इंजन से कुछ जलता हुआ मलबा जमीन पर भी गिरा, जिससे रनवे के पास घास में हल्की आग लग गई।
9 मिनट का खौफ और सुरक्षित लैंडिंग
विमान के भीतर बैठे यात्री खिड़की से आग की लपटें देख दहशत में आ गए और विमान में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, पायलट ने धैर्य बनाए रखा और उड़ान भरने के महज 9 मिनट के भीतर विमान को वापस रनवे पर सुरक्षित लैंड करा लिया। लैंडिंग होते ही फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमों ने विमान को घेर लिया और स्थिति पर काबू पाया।
तकनीकी खराबी बनी कारण, एयरलाइन ने मांगी माफी
डेल्टा एयरलाइन ने आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की है कि यह हादसा बाएं इंजन में आई अचानक तकनीकी खराबी के कारण हुआ। कंपनी ने यात्रियों को हुई मानसिक परेशानी और असुविधा के लिए माफी मांगी है। गनीमत रही कि इस पूरी घटना में किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को खरोंच तक नहीं आई। सभी को सुरक्षित उतारकर टर्मिनल पहुंचाया गया।






