पूजा के बर्तनों की खोई चमक को वापस लाने और नए की तरह चमकाने के लिए आप कुछ घरेलू तरीके अपना सकते हैं। इससे न केवल आपको मेहनत कम करनी पड़ेगी बल्कि पुराने बर्तन भी चमचमा सकते हैं।

pooja ke bartan kaise saaf karen | tambe ke bartan kaise saaf karen | Pital ko kaise saaf karen
पूजा के बर्तनों की सफाई के लिए अपनाएं ये देसी नुस्खे। (फोटो सोर्स: printfast)

पूजा तो लोग रोज करते हैं लेकिन इसके लिए इस्तेमाल होने वाले बर्तनों को घिस-घिसकर रोजाना चमकाने का समय कम ही लोगों के पास होता है। ऐसे में होता क्या है, तांबे के हों या पीतल के बर्तन धीरे-धीरे ये काले पड़ने लगते हैं। पूजा के बर्तनों की खोई चमक को वापस लाने और नए की तरह चमकाने के लिए आप कुछ घरेलू तरीके अपना सकते हैं। इनसे पुराने से पुराने और कालिख जमे बर्तन को भी आप साफ कर पाएंगे। नींबू से लेकर बेकिंग सोडा तक, तांबे-पीतल के बर्तन चमकाने के जानिए असरदार तरीके।

नींबू और नमक से करें सफाई

पूजा में रोजाना धूप-बाती करने और दीपक प्रज्वलित करने की वजह से तांबे और पीतल के बर्तनों पर काली परत जम जाती है। कहीं-कहीं पानी खराब होने से भी यह काले पड़ने लगते हैं। ऐसे में इन्हें साफ करने के लिए आप नींबू और नमक का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए आधे कटे नींबू पर नमक लगाएं और बर्तन पर हल्के हाथ से रगड़ें। फिर कुछ मिनट बाद गुनगुने पानी से धो लें।

इमली के गूदे से चमकाएं बर्तन

पुराने समय में पीतल और तांबे के बर्तन चमकाने के लिए इमली का इस्तेमाल किया जाता था। आप अब भी इमली से तांबे-पीतल के काले पड़े बर्तनों को चमका सकते हैं। इसके लिए इमली को थोड़ी देर पानी में भिगोकर उसका गूदा निकाल लें। फिर बर्तन पर लगाकर 5-10 मिनट छोड़ दें। इसके बाद मुलायम स्क्रबर से साफ करें। इससे जिद्दी कालापन और चिकनाई हटाने में मदद मिल सकती है।

बेकिंग सोडा और सिरके का पेस्ट लगाएं

बर्तनों पर बहुत ज्यादा कालापन है तो बेकिंग सोडा और थोड़ा सिरका मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसे बर्तनों पर लगाकर कुछ देर छोड़ दें और फिर कपड़े से साफ करें। इस बात का ख्याल रखें कि सिरके की मात्रा बहुत ज्यादा न रखें, वरना चमक प्रभावित हो सकती है।

आटा, नमक और नींबू से बनाएं पेस्ट

घर में रखे आटा, नमक और नींबू को मिलाकर भी आप पेस्ट बना सकते हैं। एक कटोरी में थोड़ा आटा, नमक और नींबू का रस लें। सभी चीजों को मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बनाएं। फिर बर्तनों पर लगाकर 10 मिनट बाद साफ कपड़े से रगड़ें। इससे बर्तनों की पुरानी चमक वापस आने में मदद मिल सकती है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सफाई के बाद बर्तनों को तुरंत सूखे कपड़े से पोंछ लें ताकि पानी के दाग न पड़ें।

राख और नींबू से करें सफाई

अगर आपको पास हवन की राख है तो उससे भी आप बर्तन साफ कर सकते हैं। उसमें थोड़ा नींबू मिलाकर बर्तन साफ किए जा सकते हैं। यह तरीका पुराने समय से अपनाया जाता रहा है। राख हल्के स्क्रब की तरह काम करती है और जमी गंदगी हटाने में मदद कर सकती है। सफाई के बाद बर्तनों को पूरी तरह सुखाकर ही रखें, वरना दोबारा कालापन जल्दी आ सकता है।