उत्तर प्रदेश के हरदोई में कभी नटरोज के नाम से कुख्यात गुंडा प्रदीप शुक्ला की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है. हरदोई पुलिस के डंडे से बचने के लिए यह पहले साधु बना. उन्हीं दिनों टीवी पर एक कथित बाबा का शो आता था, जिसमें वह अलग अलग रंग के समोसे और चटनी खाने की सलाह देकर भक्तों की समस्याओं का समाधान करते थे. उन्हें देखकर प्रदीप के भी दिमाग में आइडिया और यह कानपुर पहुंच गया.

यहां इससे बाबागिरी करने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुआ तो झांसी के मऊरानीपुर क्षेत्र के कुरैंचा गांव में आ गया. यहां इसने ऐसा तामझाम फैलाया कि देश में ही नहीं, दुनिया भर में काली सरकार के नाम मशहूर हो गया. हरदोई पुलिस के मुताबिक इस गुंडे की हिस्ट्रीशीट भी बनी है. इसमें इसके खिलाफ लूट डकैती और मारपीट के कई मुकदमे दर्ज हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। 13 साल पहले हरदोई में एक लूट को अंजाम देकर यह फरार हो गया था.
कानपुर में बेचा रत्ननग
पुलिस ने इस बदमाश के खिलाफ घेराबंदी की तो यह भागकर कानपुर पहुंचा, जहां इसने कुछ दिन सड़क पर बैठकर रत्ननग आदि बेचने का काम किया. हालांकि यह धंधा उसका चला नहीं, इसी बीच इसने टीवी पर एक कथित बाबा के दिव्य दरबार का शो देखा और यहीं से आइडिया लेकर सीधे झांसी के मऊरानीपुर क्षेत्र के कुरैंचा गांव पहुंच गया. जहां मंदिर में उसने काली सरकार की पहचान के साथ बाबा गिरी करने लगा.
फौजी वेश में करता था प्रवचन
प्रदीप ने अपनी बाबा गिरी में नया प्रयोग किया, इसलिए साधु वेश बनाने के बजाय फौजी वेश में दिव्य दरबार लगाकर प्रवचन शुरू किया. इस दौरान यह लोगों को उपाय बताकर असाध्य बीमारियों को भी ठीक करने का दावा करने लगा. बाद में इसने इंस्टाग्राम और फेसबुक पर पेज बनाकर ऑनलाइन दिव्य दरबार लगाने लगा. इसके इंस्टाग्राम के पेज पर एक लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं. इनमें बड़ी संख्या में विदेशी भी हैं, जो समय समय से इसके पास झांसी भी आते थे.
ऐसे हुई गिरफ्तारी
पिछले दिनों इस बदमाश के खिलाफ हरदोई की कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया था. इसके बाद हरकत में आई पुलिस इसे तलाश कर ही रही थी कि सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीर मिल गई. पुलिस को पहले शक हुआ तो एक टीम हरदोई से झांसी पहुंची और इसकी निगरानी की. जब कंफर्म हो गया तो हरदोई पुलिस ने झांसी पुलिस के साथ मिलकर इसे गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके पर पूछताछ की, इसमें आरोपी ने अपना पूरा गोरखधंधा कबूल कर लिया.



