उत्तर प्रदेश में बिजनौर के हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के नाईपुरा गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अवैध संबंधों के विरोध पर एक पत्नी ने कथित तौर पर अपने ही पति की तकिए से मुंह दबाकर हत्या कर दी. इस खौफनाक वारदात का पर्दाफाश किसी और ने नहीं, बल्कि दंपती के 5 वर्षीय मासूम बेटे ने पुलिस के सामने किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, नाईपुरा उर्फ जूझारपुरा गांव निवासी 26 वर्षीय कुंवरसेन खेतीबाड़ी और मजदूरी करता था. कुंवरसेन को अपनी पत्नी कमेंद्री के चरित्र पर शक था. ग्रामीणों के अनुसार, महिला का अपने ही भांजे गौतम के साथ कथित प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी बात को लेकर पतिपत्नी के बीच अक्सर घरेलू कलह और मारपीट होती रहती थी. घटना वाले दिन सुबह भी दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ था.
नींद में वारदात को दिया अंजाम
आरोप है कि बुधवार रात करीब 9 बजे कुंवरसेन जब घर लौटा, तो फिर से विवाद हुआ. इसके बाद वह चारपाई पर सो गया. रात में गहरी नींद में सोते समय कमेंद्री ने पहले उसके सिर और पैरों पर लोहे की रॉड से हमला कर उसे अधमरा कर दिया और फिर तकिए से उसका मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी.
हत्या के बाद आरोपी महिला ने खुद ही शोर मचाकर ग्रामीणों और परिजनों को गुमराह करने की कोशिश की कि कुंवरसेन की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई है. मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी वह बारबार बेहोश होने का नाटक करती रही.
5 साल के मासूम ने खोला मां का राज
इस अंधे कत्ल की गुत्थी तब सुलझी, जब पुलिस टीम घटनास्थल पर जांच कर रही थी. उसी समय मृतक के 5 वर्षीय बेटे हिमांशु ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस और परिजनों के सामने रोते हुए सच बता दिया. मासूम ने कहा, “मम्मी ने ही पापा को मारा है, उन्होंने पापा के मुंह पर तकिया रखा था.”
बच्चे के इस बयान के बाद पुलिस ने जब शव का बारीकी से निरीक्षण किया, तो कुंवरसेन के सिर और पैरों पर चोट के गंभीर निशान पाए गए. इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी कमेंद्री को हिरासत में ले लिया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
चांदपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी देश दीपक सिंह ने बताया कि युवक का शव उसके घर से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है. मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है.
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि बच्चे के बयान को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है, लेकिन मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आने के बाद ही होगी. फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग, पारिवारिक विवाद और अन्य सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है.



