
कानपुर और इटावा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक कलयुगी बेटी ने अपने ब्वाॅयफ्रेंड के साथ मिलकर अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने शव को एक बड़े बक्से में बंद कर दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने रविवार देर रात मुख्य आरोपी बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार दोपहर करीब 3 बजे, इटावा की टीबी अस्पताल कॉलोनी (कांशीराम कॉलोनी) के ब्लॉक 14, कमरा नंबर 216 से अचानक तेज बदबू आने लगी। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना तुरंत सिविल लाइंस पुलिस को दी।
बक्से से मिला शव
मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का ताला तोड़ा। अंदर तलाशी लेने पर एक बक्से के अंदर से 55 वर्षीय श्याम सुंदर कठेरिया का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। शव को पॉलीथीन में लपेटकर ऊपर से तीन कंबलों से ढका गया था।
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शव कई दिन पुराना लग रहा है। मृतक के साथ रहने वाली उनकी बेटी पूजा घटना के बाद से गायब थी, जिससे उस पर शक गहरा गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूजा और उसके प्रेमी को धर दबोचा। शुरुआती जांच में सामने आया है कि श्याम सुंदर कठेरिया अपनी बेटी पूजा और उसके प्रेमी के रिश्ते का कड़ा विरोध करते थे। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसी बात से नाराज होकर दोनों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। मृतक श्याम सुंदर एक होटल में सुरक्षा गार्ड के रूप में नौकरी करते थे।
मृतक की बड़ी बेटी काजल, जो औरैया जिले के भीखनपुर में रहती हैं, ने बताया कि उनकी अपने पिता से आखिरी बार पांच दिन पहले बात हुई थी। शुक्रवार और रविवार को जब उन्होंने फोन किया, तो फोन लगातार बंद आ रहा था। इसके बाद पड़ोसियों ने उन्हें फोन पर घटना की जानकारी दी। काजल ने अपनी बहन पूजा पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि पूजा शादी से पहले से ही एक युवक के संपर्क में थी।
बता दें कि श्याम सुंदर की पत्नी शशि देवी लगभग 10 साल से अलग रह रही थीं। उनकी तीन बेटियां हैं- काजल, पूजा और खुशी। इनमें से पूजा उनके साथ ही रहती थी, जबकि बाकी बेटियां अपनी मां के साथ रहती थीं। फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले से जुड़े सभी सबूत जुटा रही है। एसपी सिटी बबीता सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा।



