हिमाचल प्रदेश के विलासपुर स्थित एक वृद्धाश्रम में बुधवार को एक अनोखी शादी होने जा रही है. यहां रह रहे कन्हैया लाल 75 की उम्र में दूल्हा बनने जा रहे हैं. वहीं उसकी 63 वर्षीय दुल्हन भी इस शादी के लिए तैयार हैं. अपनों के ठुकराए जाने के बाद वृद्धाश्रम में रहे इन दोनों बुजुर्गों ने एक बार फिर से अपना घर बसाने की तैयारी कर ली है.

कन्हैया लाल हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जंजैहली क्षेत्र के थुनाग के रहने वाले हैं और फिलहाल बिलासपुर के दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में रह रहे हैं. वहीं उनकी दुल्हन सबीना कोलकाता की रहने वाली हैं. वृद्धाश्रम में कुछ दिन साथ रहने के बाद दोनों ने अब बाकी का जीवन साथ बिताने का फैसला किया है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। दोनों बुधवार की सुबह विलासपुर कोर्ट में शादी करेंगे. फिर वृद्धाश्रम लौटकर हिंदू रीतिरिवाज से शादी की रस्में होंगी.

भाइयों ने छोड़ा था वृद्धाश्रम

कन्हैया लाल के मुताबिक गांव में खेतीबाड़ी करते थे. घर में पत्नी थी, लेकिन कोई संतान नहीं थी. पत्नी की मौत के बाद उनके भाइयों ने खेतीबाड़ी तो अपने नाम करा लिया, लेकिन उनकी सेवा करने के बजाय यहां वृद्धाश्रम पहुंचा दिया. वहीं, सबीना कोलकाता से शिमला घूमने निकली थीं, लेकिन रास्ता भटक गईं. उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नी थी. ऐसे में उन्हें नारी निकेतन मशोबरा पहुंचा दिया गया. जहां से साल 2025 में उन्हें दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में भेजा गया. यहीं पर उनकी कन्हैया लाल से मुलाकात हुई और फिर दोनों ने एक दूसरे का हाथ थामने का फैसला किया.

संस्थापक ने कराई शादी की व्यवस्था

अपना घर वृद्धाश्रम दयोली के संस्थापक एडवोकेट प्रकाश बंसल के मुताबिक कन्हैया लाल और सबीना ने उनके सामने शादी का प्रस्ताव रखा था. इनके फैसले का सम्मान करते हुए उन्होंने इनके विवाह की तैयारियां शुरू कर दी हैं. उन्होंने बताया कि हिमाचल में ऐसा पहली बार हो रहा है, जिसमें किसी वृद्धाश्रम में दो बुजुर्ग जीवनसाथी बनने जा रहे हैं. दोनों की शादी 25 नवंबर को होगी.