Himachal Se: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तैयार ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ का कल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लोकार्पण करेंगे. यह वाटिका भारतीय नौसेना की वीरता, पराक्रम एवं तकनीकी क्षमता को समर्पित है. सीजी सिटी में तैयार यह वाटिका योगी सरकार की तरफ से प्रदेशवासियों के लिए तोहफे के रूप में देखी जा रही है.

यह संग्रहालय भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा. युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सैन्य गौरव की भावना को भी प्रबल करेगा. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। आगंतुक इस संग्रहालय को देखकर नौसेना के कर्तव्य एवं पराक्रम पर गर्व करेंगे.
आईएनएस गोमती दर्शकों को करेगा आकर्षित
वहीं भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त पोत आईएनएस गोमती दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित करेगा. जानकारी के मुताबिक भारतीय नौसेना एवं उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विकसित यह परियोजना अत्याधुनिक ओपन एयर म्यूजियम एवं इंटरप्रिटेशन सेंटर के रूप में तैयार की गई है.
नौसेना शौर्य वाटिका में भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त युद्धपोत आईएनएस गोमती स्थापित किया गया है, जो कि आकर्षण का मुख्य केंद्र होगा. यह युद्धपोत 28 मई 2022 को सेवा से रिटायर हुआ था. वहीं एंकर, एके726 मीडियम रेंज तोप, सीईटी53 एम पनडुब्बी अवरोध, जिफ101 लॉन्चर विद आरजे, कैपस्टन ड्रम, मुख्य मस्तूल और जहाज का प्रोपेलर शामिल हैं.
युवाओं में राष्ट्रभक्ति बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका
पर्यटक यहां भारतीय नौसेना के इतिहास, युद्ध अभियानों, तकनीकी दक्षता और समुद्री सुरक्षा की व्यापक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे. साथ ही यह स्थल बच्चों और युवाओं में राष्ट्रभक्ति तथा रक्षा सेवाओं के प्रति आकर्षण बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.



