पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने केंद्रीय एजेंसियों और पंजाब पुलिस की ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल के साथ मिलकर विदेश में छिपे गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ आफरीदी को अफ्रीकी देश इथियोपिया से भारत डिपोर्ट करवाने में सफलता हासिल की है. पंजाब पुलिस ने र गुरविंदर सिंह को दिल्ली एयरपोर्ट से लिया हिरासत में लिया.

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के तहत ये बड़ी कार्रवाई की गई है. पंजाब पुलिस के मुताबिक, ये पहली बार है जब पंजाब पुलिस ने किसी अफ्रीकी देश से अपने किसी वांछित अपराधी को डिपोर्ट करवाने में सफलता हासिल की है. इस कार्रवाई को संगठित अपराध और विदेश में छिपकर भारत में आपराधिक गतिविधियां चलाने वाले गैंगस्टरों के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है.

‘ऑपरेशन शहीद’ को मिली कामयाबी

गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ आफरीदी को भारत लाने के लिए पंजाब पुलिस ने ‘ऑपरेशन शहीद’ चलाया था. ये ऑपरेशन करीब 10 महीने तक चला. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इस दौरान पुलिस और दूसरी केंद्रीय एजेंसियों ने लगातार उसकी लोकेशन का पता लगाने, खुफिया जानकारी जुटाने और अलगअलग देशों की एजेंसियों के साथ तालमेल बनाने का काम किया.

खुफिया सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई

पंजाब पुलिस के मुताबिक, ये पूरी कार्रवाई खुफिया सूचनाओं के आधार पर की गई. आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था, ताकि भारतीय जांच एजेंसियों और पुलिस की गिरफ्त से बच सके. इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी AGTF के स्पेशल डीजीपी प्रमोद बान कर रहे थे, जबकि काउंटर इंटेलिजेंस विंग के OFTEC के आईजी अशिष चौधरी अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय और आगे की कार्रवाई देख रहे थे. पंजाब पुलिस के मुताबिक, गुरविंदर सिंह उर्फ आफरीदी 31 मार्च 2025 को मुंबई एयरपोर्ट से संयुक्त अरब अमीरात भाग गया था.

फर्जी पासपोर्ट के आधार पर हुआ फरार

विदेश भागने के लिए गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ आफरीदी ने गोरखपुर के रहने वाले एक व्यक्ति की कथित फर्जी पहचान के आधार पर तैयार करवाए गए पासपोर्ट का इस्तेमाल किया था. ये पासपोर्ट 12 फरवरी 2025 को उत्तर प्रदेश के लखनऊ से जारी किया गया था. विदेश पहुंचने के बाद भी आफरीदी लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहा. वो एक देश से दूसरे देश जाकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों से बचने की कोशिश कर रहा था.

शुरुआत में आफरीदी UAE में छिपा

पंजाब पुलिस के मुताबिक, विदेश पहुंचने के बाद शुरुआत में आफरीदी UAE में छिपा हुआ था. वहां से उसने इस्तांबुल के रास्ते मैक्सिको भागने की कोशिश की, लेकिन उसकी यह कोशिश सफल नहीं हुई और उसे वापस UAE डिपोर्ट कर दिया गया. इसके बाद उसने फिर अपनी लोकेशन बदली.

  • 31 मार्च 2025: मुंबई एयरपोर्ट से फर्जी पासपोर्ट के आधार पर UAE पहुंचा.
  • अप्रैल 2026: UAE से केन्या चला गया.
  • जून 2026: केन्या से अंगोला पहुंचा.
  • नवंबर 2026: अंगोला से इथियोपिया पहुंचा.

अलगअलग देशों में बदले ठिकाने

इस तरह गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ आफरीदी लगातार अलगअलग देशों में ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था. इस मामले में रेड कॉर्नर नोटिस और इंटरपोल के 7 रेफरेंस जारी हुए थे. आफरीदी की तलाश में पंजाब पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कार्रवाई की थी.

रेड कॉर्नर नोटिस जारी

पंजाब पुलिस ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया था. इसके अलावा उसके फर्जी पासपोर्ट और विदेश में मौजूदगी से जुड़ी जानकारी समयसमय पर केंद्रीय एजेंसियों के साथ साझा की गई थी. पुलिस के मुताबिक, इस मामले में इंटरपोल के सात अलगअलग रेफरेंस भी जारी किए गए थे. लगातार खुफिया जानकारी जुटाने और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ संपर्क बनाए रखने के बाद आखिरकार 6 नवंबर 2026 को इथियोपिया में उसे हिरासत में ले लिया गया.

इसके बाद उसे भारत डिपोर्ट किया गया. दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर पंजाब पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया. अब उसे आगे की पूछताछ और जांच के लिए पंजाब ले जाया जा रहा है.

30 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित

पंजाब पुलिस के मुताबिक, गुरविंदर सिंह उर्फ आफरीदी के खिलाफ भारत में 30 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं.
इनमें पांच हत्या के मामले, हत्या की कोशिश, जबरन वसूली और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि वो पंजाब में कई सनसनीखेज हत्याकांडों में वांछित है. इनमें राजनीतिक और स्थानीय स्तर पर सक्रिय लोगों की हत्याएं भी शामिल हैं.

पांच चर्चित हत्याकांडों में शामिल

पंजाब पुलिस के मुताबिक, आफरीदी पांच बड़े हत्याकांडों में आरोपी है.

AAP सरपंच राजविंदर उर्फ राज तलवंडी की हत्या: अक्टूबर 2024 में आम आदमी पार्टी के सरपंच राजविंदर सिंह उर्फ राज तलवंडी की हत्या हुई थी, इस हत्याकांड में गुरविंदर आफरीदी वांछित है.

12 साल के बच्चे गुरसेवक सिंह की हत्या: मार्च 2025 में 12 साल के बच्चे गुरसेवक सिंह की हत्या हुई थी.इस मामले में भी पुलिस को आफरीदी की तलाश थी।

विक्की चुघ की हत्या: मार्च 2025 में विक्की चुघ की हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया है.

जसवंत सिंह की हत्या: मई 2025 में जसवंत सिंह की हत्या हुई थी. पंजाब पुलिस इस मामले में भी आफरीदी को वांछित बता रही है.

कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष गुरमेल सिंह की हत्या: सितंबर 2025 में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष गुरमेल सिंह की हत्या हुई थी. इस मामले में भी गुरविंदर सिंह उर्फ आफरीदी आरोपी है.

पंजाब पुलिस की बड़ी कामयाबी

गुरविंदर सिंह उर्फ आफरीदी को इथियोपिया से भारत लाना पंजाब पुलिस के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी कामयाबी है. इस कार्रवाई से ये साफ संदेश देने की कोशिश की गई है कि भारत में गंभीर अपराध करके विदेश में छिपने वाले गैंगस्टरों को भी पुलिस और जांच एजेंसियां लगातार ट्रैक कर रही हैं. पंजाब पुलिस अब आफरीदी से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क, हत्या के मामलों, हथियारों की सप्लाई, जबरन वसूली और विदेश में उसके संपर्कों के बारे में जानकारी जुटा रही है.