महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के चुनावी नतीजे आज को घोषित होंगे. इनमें नागपुर, पुणे और छत्रपति संभाजीनगर की स्नातक सीटें, जबकि पुणे और अमरावती की शिक्षक सीटें शामिल हैं. चुनाव में महायुति और महाविकास अघाड़ी के बीच मुकाबले के साथ ही बागी उम्मीदवारों ने भी कई सीटों पर समीकरण बदलने की चुनौती दी है. आज दोपहर तक पूरे 5 सीटों के रिजल्ट आ जाएंगे. वहीं उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनावों के लिए वोटों की गिनती भी आज को होगी. इन चुनावों में पांच स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं.

महाराष्ट्र चुनाव में महायुति और महाविकास अघाड़ी के बीच मुकाबले के साथ ही बागी उम्मीदवारों ने भी कई सीटों पर समीकरण बदलने की चुनौती दी है. पांच सीटों पर वोटिंग बीते 23 अक्टूबर को हुई थी. ये द्विवार्षिक चुनाव विधान परिषद की 78 में से 5 सीटों के लिए थे, जिनका कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को खत्म हो रहा है. इस चुनाव में पांचों सीटें मिलाकर कुल 182 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनके लिए कुल 10,68,072 मतदाताओं ने मतदान किया. पांच सीटों पर औसतन मतदान 72.96 फीसदी हुआ.
पांचों सीटों पर कितना मतदान हुआ?
- नागपुर स्नातक सीट: 64.82%
- पुणे स्नातक सीट: 62.76%
- छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट: 59.12%
- पुणे शिक्षक सीट: 85.86%
- अमरावती शिक्षक सीट: 92.25%
अमरावती शिक्षक सीट पर सबसे ज्यादा मतदान हुआ, जबकि छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट पर मतदाताओं की भागीदारी सबसे कम रही.
किस सीट पर किसके बीच मुकाबला?
नागपुर स्नातक सीट: भाजपा के सुधाकर कोहले का मुकाबला कांग्रेस के अभिजीत वंजारी से है. भाजपा के पूर्व विधायक अनिल सोले ने नाम वापस लेकर कोहले को समर्थन दिया.
पुणे स्नातक सीट: भाजपा की डॉ. स्मिता जाधव और एनसीपी की हर्षदा जाधवदेशमुख के बीच मुकाबला है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। शिवसेना के सुनील मोदी समेत अन्य उम्मीदवार भी मैदान में हैं.
छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट: अजित पवार गुट की एनसीपी के सतीश चव्हाण और शरद पवार गुट के उम्मीदवार के बीच मुकाबला है. यहां एनसीपी के दोनों गुटों की प्रतिष्ठा दांव पर है.
पुणे शिक्षक सीट: भाजपा के कौस्तुभ गावड़े और कांग्रेस के जयंत आसगांवकर प्रमुख उम्मीदवार हैं. निर्दलीय सचिन सानप को शिंदे गुट की शिवसेना का समर्थन मिलने से महायुति के भीतर मतभेद सामने आए.
अमरावती शिक्षक सीट: शिंदे गुट की शिवसेना के किरण सरनाईक और कांग्रेस की अदिति पोहरे के बीच मुकाबला है। भाजपा की बागी संगीता शिंदे समेत अन्य उम्मीदवारों की मौजूदगी भी चुनाव को अहम बनाती है.
नतीजों पर क्यों रहेगी नजर?
पांचों सीटों के परिणाम से पता चलेगा कि महायुति और महाविकास अघाड़ी में से किसका प्रदर्शन बेहतर रहा। साथ ही, बागी उम्मीदवारों को मिलने वाले मतों से यह भी स्पष्ट होगा कि गठबंधन के भीतर मतभेदों का चुनाव पर कितना असर पड़ा. आज की मतगणना में प्राथमिकता वाले मतों की गिनती भी निर्णायक हो सकती है.
UP विधान परिषद की 11 सीटों पर आज मतगणना
वहीं उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनावों के लिए वोटों की गिनती भी आज यानी मंगलवार को होगी. इन चुनावों में पांच स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं.सोमवार को जारी एक बयान में, यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने बताया कि वोटों की गिनती मंगलवार सुबह 8:00 बजे शुरू होगी. यह गिनती लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में की जाएगी.
बयान के अनुसार, वोटों की गिनती लखनऊ में रमाबाई रैली ग्राउंड, वाराणसी में स्टेट वेयरहाउस कारपोरेशन, आगरा में टूंडला रोड स्थित नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति, मेरठ में मोदीपुरम स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की गांधी हॉल बिल्डिंग, झांसी में बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज का कोठारी हॉल, बरेली में संजय कम्युनिटी हॉल और गोरखपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कॉमर्स बिल्डिंग में होगी.



