पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने के बाद पुलिस एनकाउंटर में मौतों का सिलसिला लगातार चर्चा में है. ताजा मामला बीरभूम जिले के नानूर का है, जहां पुलिस ने रतन शेख को गोली मार दी. इसके साथ ही राज्य में पिछले छह महीनों में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए लोगों की संख्या पांच हो गई है.

इन पांच में से तीन पर नाबालिग लड़कियों के साथ रेप और हत्या के आरोप थे, जबकि एक पर बीजेपी कार्यकर्ता की हत्या का आरोप था. रतन शेख पर पुलिस कांस्टेबल को गोली मारने और कई आपराधिक मामलों में शामिल होने का आरोप था. इन घटनाओं के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस कार्रवाई का बचाव किया है.
एनकाउंटर पर सवाल उठाए हैं
उनका कहना है कि अगर कोई पुलिस पर गोली चलाएगा तो पुलिस भी जवाब देगी. दूसरी तरफ विपक्ष और मानवाधिकार संगठनों ने लगातार हो रहे एनकाउंटर पर सवाल उठाए हैं. ऐसे में जानना जरूरी है कि आखिर ये पांच लोग कौन थे, इन पर क्या आरोप थे और किस तारीख को पुलिस मुठभेड़ में इनकी मौत हुई?
रतन शेख: पुलिस कांस्टेबल को गोली मारने का आरोप
पांचवां मामला बीरभूम जिले के नानूर का है. यहां पुलिस ने रतन शेख को गोली मार दी. रतन पर 36 आपराधिक मामले दर्ज होने की बात मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कही थी. पुलिस के मुताबिक, 13 नवंबर को रतन को पकड़ने गई टीम पर उसने फायरिंग की थी, जिसमें कांस्टेबल बिस्वजीत दास घायल हो गए थे.
इसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. 15 नवंबर को हथियार बरामदगी के दौरान रतन ने कथित तौर पर फिर पुलिस टीम पर गोली चलाई. जवाबी फायरिंग में वो मारा गया, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
शुभेंदु अधिकारी ने रतन के अनकाउंटर पर कहा, ‘अगर कोई पुलिस पर गोली चलाता है, तो क्या पुलिस उसे बताशा खिलाए? पुलिस को जवाबी कार्रवाई करने की पूरी छूट दी गई है. अगर कोई पुलिसकर्मी पर हमला करता है या उसके साथ मारपीट करता है, तो पुलिस को जवाब देना चाहिए.’
दिलीप रॉय: 12 साल की बच्ची से रेप और हत्या का आरोप
चौथा मामला उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज का है, यहां दिलीप रॉय नाम के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था. उस पर 12 साल की बच्ची के साथ कथित गैंगरेप और हत्या का आरोप था. रिपोर्ट के मुताबिक, 3 नवंबर को बच्ची साइकिल लेकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. दो दिन बाद कुलिक नदी के पास जंगल में उसका शव मिला.
परिवार ने बच्ची के साथ रेप और हत्या की आशंका जताई थी. पुलिस ने दिलीप रॉय को मुख्य आरोपी बताया, चार दिन की तलाश के बाद पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की. पुलिस का दावा है कि बिहार सीमा के पास गिरफ्तारी के दौरान उसने गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस ने फायरिंग की और उसकी मौत हो गई.
प्रह्लाद दास और समाउन शेख: एक ही दिन दो एनकाउंटर
27 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल में दो अलगअलग जगहों पर पुलिस मुठभेड़ हुई थी.
- प्रह्लाद दास: उत्तर 24 परगना जिले के गाइघाटा में रहने वाले 23 वर्षीय प्रह्लाद पर एक नाबालिग छात्रा के साथ रेप और हत्या का आरोप था. पुलिस के मुताबिक, क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए ले जाने के दौरान उसने पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर गोली चला दी. जवाबी कार्रवाई में उसकी मौत हो गई. मीडिया रिपोर्टों में पीड़िता की उम्र 13 साल बताई गई है.
- समाउन शेख: मुर्शिदाबाद जिले के समशेरगंज में समाउन शेख को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया. उस पर बीजेपी कार्यकर्ता सुजीत मंडल की हत्या का आरोप था. पुलिस के मुताबिक, क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान उसने पुलिसकर्मी का हथियार छीनने और भागने की कोशिश की. इस दौरान हुई फायरिंग में उसकी मौत हो गई.
प्रभास मंडल: नाबालिग बच्ची से रेप और हत्या का आरोप
पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार बनने के बाद पहला चर्चित एनकाउंटर 8 जुलाई को दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में हुआ था. यहां पुलिस ने प्रभास मंडल को गोली मार दी थी. उस पर 12 साल की बच्ची के साथ कथित गैंगरेप और हत्या का आरोप था.
पुलिस के मुताबिक, बच्ची की हत्या के मामले में प्रभास मुख्य आरोपी था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस उसे घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए लेकर गई थी. इसी दौरान उसने पुलिस अधिकारी का हथियार छीनने की कोशिश की और गोली चला दी. जवाबी फायरिंग में प्रभास की मौत हो गई.
इस घटना के बाद राज्य में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध के आरोपियों से निपटने को लेकर सरकार की नीति चर्चा में आ गई थी.
एनकाउंटर पर सरकार और विपक्ष आमनेसामने
पांचों घटनाओं में पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने गिरफ्तारी या जांच के दौरान पुलिस पर हमला किया और जवाबी कार्रवाई में उनकी मौत हुई. शुभेंदु अधिकारी ने भी पुलिस को आत्मरक्षा में कार्रवाई करने का अधिकार होने की बात कही है.
वहीं, CPM नेता सुजान चक्रवर्ती ने लगातार हो रहे एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए कहा है कि पुलिस हमारे राज्य में एनकाउंटर के नाम पर एक के बाद एक आरोपी को मार रही है, जो कानून का राज नहीं हो सकता. कानून के राज वाले राज्य में, न्यायपालिका अपराधी को सजा देती है, पुलिस एनकाउंटर नहीं.



