Bisleri Water Bottle Testing: बिसलेरी के पानी के सैंपल को लेकर हुए विवाद के बाद सरकार अब देशभर में बोतलबंद पानी की जांच ) कराने जा रही है। अधिकारियों ने सभी पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड्स की जांच करने का फैसला किया है। दूसरी ओर, बिसलेरी को अपने पानी के सैंपल की नई जांच में राहत मिली है। कंपनी के मुताबिक, स्वतंत्र प्रयोगशाला में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया है।

सितंबर 2025 में शुरू हुआ विवाद

यह मामला सितंबर 2025 में बिसलेरी के गोवा स्थित प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है। 30 सितंबर 2025 को FSSAI ने प्लांट से पानी के छह सैंपल लिए थे। शुरुआती जांच में पांच सैंपल मानकों पर खरे उतरे, जबकि एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली। इसकी निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।

दोबारा जांच में क्या निकला?

बिसलेरी की 22 नवंबर 2025 की अपील के बाद FSSAI ने सैंपल को रेफरल प्रयोगशाला भेजा। यहां ब्रोमेट का स्तर तय सीमा के भीतर मिला, लेकिन रिपोर्ट में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन की मौजूदगी भी बताई गई। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके बाद कंपनी ने FSSAI से मान्यता प्राप्त स्वतंत्र प्रयोगशाला में दोबारा जांच कराई। इसमें ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया।

कंपनी ने कब सौंपी रिपोर्ट?

बिसलेरी के मुताबिक, कंपनी ने 2 फरवरी 2026 को स्वतंत्र जांच की रिपोर्ट FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को सौंप दी थी। इसके बाद उसे कोई दूसरी सूचना नहीं मिली। कंपनी का कहना है कि उसे ईमेल या हार्ड कॉपी के जरिए कोई नोटिस नहीं मिला और FSSAI की वेबसाइट पर भी ऐसा नोटिस नहीं मिला। इसलिए उसने मामले को बंद मान लिया था। कंपनी ने कहा कि पानी की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। वह 10 चरणों की निर्माण प्रक्रिया में 90 से अधिक परीक्षण करती है और मामले में FSSAI का सहयोग जारी रखेगी।

देशभर में होगी जांच

बिसलेरी विवाद के बाद अब अधिकारियों ने देशभर के पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड्स की जांच करने का फैसला किया है। यानी जांच का दायरा सिर्फ बिसलेरी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दूसरी कंपनियों के बोतलबंद पानी की गुणवत्ता भी जांची जाएगी।

दूसरी खाद्य कंपनियों पर भी सख्ती

FSSAI ने वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिटबिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मीमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी है। वहीं, उर्मि लाइफसाइंसेज LLP और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। आशा कन्फेक्शनरी को असुरक्षित पाई गई प्रीपैकेज्ड चॉकलेटभरी कुकीज बाजार से वापस मंगाने का आदेश भी दिया गया है।