
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी थाना क्षेत्र अशोक विहार आशियाना सिटी कॉलोनी में कक्षा आठ में पढ़ने वाले 15 साल के एक किशोर ने शुक्रवार देर रात चारपाई पर सो रहे अपने पिता की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक पिता बेटे को पढ़ाई करने के लिए कहते थे और बाहर घूमने पर डांटते-फटकारते थे जिससे नाबालिग नाराज चल रहा था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा मौके से भाग निकला जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
रात 2 बजे सोते समय सिर पर किया कुल्हाड़ी से वार
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक लोनी के अशोक विहार आशियाना सिटी कॉलोनी में 58 वर्षीय व्यक्ति अपने परिवार के साथ रहते थे और मजदूरी कर घर चलाते थे। उनका 15 साल का बेटा घर के पास ही कॉलोनी में स्थित एक स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र है।
शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे जब पिता घर में चारपाई पर गहरी नींद में सो रहे थे, तभी नाबालिग बेटे ने उनके सिर पर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। हमले के दौरान पिता की चीख निकल गई, जिसे सुनकर घर में सो रहे अन्य परिजनों की आंख खुल गई। जब तक घरवाले कुछ समझ पाते, तब तक किशोर मौके से भाग निकला।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के तुरंत बाद घर में चीख-पुकार मच गई। मृतक की बेटी ने पुलिस को इस वारदात की सूचना दी। खबर मिलते ही लोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल पिता को तुरंत संयुक्त अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि पिता अपने बेटे को पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए कहते थे और आवारागर्दी व घूमने-फिरने पर डांटते और मारते-पीटते भी थे। इसी बात को लेकर किशोर के मन में गुस्सा भरा हुआ था।
फरार नाबालिग की तलाश में जुटी पुलिस
इस मामले पर सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) लोनी रामकिशन ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल परिजनों की तरफ से इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस की टीमें फरार नाबालिग की तलाश में जुटी हैं और मामले की जांच की जा रही है।



