Sitamarhi News: बिहार के सीतामढ़ी जिले से पुलिसिया संवेदनहीनता और लापरवाही का बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. अपनी बीमार मां का इलाज कराने सदर अस्पताल आई एक 18 वर्षीय युवती के साथ शुक्रवार देर शाम तीन बेखौफ बदमाशों ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. दर्दनाक वारदात के बाद जब बदहवास पीड़ित बेटी अपनी मां के साथ थाने पहुंची, तो पुलिस मदद करने के बजाय 5 घंटे तक ‘सीमा विवाद’ का बहाना बनाकर टालमटोल करती रही. मामला जब एसपी अमित रंजन के संज्ञान में आया, तब जाकर प्राथमिकी दर्ज हो सकी.

जानकारी के मुताबिक, रीगा थाना क्षेत्र की रहने वाली 18 वर्षीय युवती अपनी बीमार मां के इलाज के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल आई हुई थी. शुक्रवार देर शाम अस्पताल से किसी काम से बाहर निकलने के दौरान वह रास्ता भटक गई और भासर पिकेट की तरफ चली गई. सुनसान इलाके का फायदा उठाकर वहां मौजूद तीन युवकों ने उसे घेर लिया और उसके साथ बारीबारी से दरिंदगी की. घटना के बाद सड़क पर बदहवास खड़ी पीड़िता को देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत ‘डायल 112’ पर सूचना दी. मौके पर पहुंची 112 की टीम ने युवती को सुरक्षित बचाकर परिजनों के हवाले कर दिया.
5 घंटे तक एक थाने से दूसरे थाने चक्कर काटती रही पीड़िता
डायल 112 से बेटी को वापस पाने के बाद जब पीड़ित मांबेटी न्याय की गुहार लगाने बाजपट्टी थाने पहुंचीं, तो पुलिस ने मामले को नगर थाना क्षेत्र का बताकर अपना पल्ला झाड़ लिया. इसके बाद जब दोनों नगर थाने पहुंचीं, तो वहां भी बेरुखी दिखाते हुए इसे बाजपट्टी थाना क्षेत्र का मामला बता दिया गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इस तरह गंभीर रूप से पीड़ित लड़की अपनी मां के साथ करीब पांच घंटे तक एक थाने से दूसरे थाने के चक्कर काटती रही और पुलिस अपनी सीमा तय करने में जुटी रही.
एसपी अमित रंजन के कड़े रुख के बाद जगी पुलिस
थानों के इस गैरजिम्मेदाराना रवैये की खबर जैसे ही सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन तक पहुंची, उन्होंने तुरंत मामले का कड़ा संज्ञान लिया. एसपी के कड़े निर्देश के बाद आखिरकार नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई और पीड़िता को तुरंत इलाज व मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, छापेमारी जारी
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस महकमा हरकत में आया है. बाजपट्टी और नगर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस की विशेष टीम तीनों अज्ञात आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.



