हरियाणा के गुरुग्राम में बुधवार को एक फैक्ट्री में बड़ा हादसा हो गया. यहां जहरीले केमिकल और गैस से भरे टैंक में काम करने के दौरान तीन मजदूरों की मौत हो गई. हादसे के बाद पुलिस ने कंपनी मैनेजमेंट के खिलाफ केस दर्ज किया है. पुलिस अब जांच कर रही है कि फैक्ट्री में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं.

पुलिस के मुताबिक, यह घटना गुरुग्राम के भोंडसी थाना क्षेत्र के धूमसपुर स्थित संधार टेक्नोलॉजीज लिमिटेड की यूनिट में हुई. तीनों कर्मचारी कंपनी परिसर में काम कर रहे थे. इसी दौरान वे कथित तौर पर केमिकल टैंक के अंदर चले गए. टैंक में मौजूद जहरीले रसायनों और गैसों के संपर्क में आने से तीनों बेहोश हो गए.

घटना के बाद कंपनी के दूसरे कर्मचारियों ने तीनों को टैंक से बाहर निकाला. उन्हें बादशाहपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया. वहां से डॉक्टरों ने उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया. हालांकि, इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई.

सेफ्टी इक्विपमेंट नहीं देने का आरोप

इस मामले में मृतक नरेश यादव के बेटे ने कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दी है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तीनों कर्मचारियों को कंपनी की धूमसपुर यूनिट में एक सेफ्टी टैंक के अंदर काम करने के लिए भेजा गया था. इस दौरान मैनेजमेंट ने उन्हें जरूरी सेफ्टी इक्विपमेंट उपलब्ध नहीं कराए.

शिकायत के आधार पर भोंडसी पुलिस स्टेशन में कंपनी मैनेजमेंट के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि 11 नवंबर को थाने को सूचना मिली थी कि तीन लोगों की अस्पताल में मौत हो गई है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां एक लिखित शिकायत दी गई.

तीनों मृतक अलगअलग जगहों के रहने वाले थे

मृतकों की पहचान नरेश यादव, अनिल झा और मोहम्मद आरिफ के रूप में हुई है. नरेश गुरुग्राम के बादशाहपुर के रहने वाले थे. वह 2021 से धूमसपुर स्थित फैक्ट्री में वेल्डर के तौर पर काम कर रहे थे. अनिल झा बिहार के नवादा जिले के बरनामा गांव के रहने वाले थे और भोंडसी के मारुति कुंज में रहते थे. वहीं, मोहम्मद आरिफ बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के पिपराहा गांव के रहने वाले थे. वह धूमसपुर में रहते थे.

एएसआई संदीप कुमार के मुताबिक, पुलिस ने लापरवाही से मौत से जुड़ी धाराओं में FIR दर्ज कर ली है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.