हमारे सनातन धर्म और वास्तु शास्त्र में हर छोटी-बड़ी चीज को रखने का एक सही नियम बताया गया है. ऐसा माना जाता है कि घर में सही तरीके से रखी गई चीजें घर में सुख और समृद्धि लाती हैं. वहीं दूसरी तरफ जाने-अनजाने में की गई कुछ छोटी गलतियां घर में नकारात्मक ऊर्जा बढ़ा देती हैं. वास्तु के मुताबिक घर की कुछ बेहद पवित्र और खास चीजों को कभी भी सीधे जमीन पर नहीं रखना चाहिए. ऐसा करने से घर में वास्तु दोष लगता है और परिवार को आर्थिक तंगी या कंगाली का सामना करना पड़ सकता है. आइए जानते हैं कि वे कौन सी 5 चीजें हैं जिन्हें सीधे जमीन पर रखने से बचना चाहिए.

भगवान का मंदिर और मूर्तियां
वास्तु शास्त्र के अनुसार घर के मंदिर या भगवान की मूर्तियों को कभी भी सीधे जमीन पर नहीं स्थापित करना चाहिए. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अगर आप मंदिर रख रहे हैं तो उसके नीचे लकड़ी की चौकी जरूर लगाएं या कोई साफ कपड़ा बिछाएं. इसके अलावा अगर मंदिर बड़ा है तो उसके नीचे पत्थर या लकड़ी का आधार बनाएं. खास तौर पर शिवलिंग और शालिग्राम को तो भूलकर भी सीधे फर्श पर न रखें. ऐसा माना जाता है कि सीधे जमीन पर रखे मंदिर में पूजा करने से उसका पूरा फल नहीं मिलता है और घर में वास्तु दोष उत्पन्न होता है.

पूजा का दीपक
घर में सुबह या शाम आरती करते समय हम जो दीपक जलाते हैं, उसका धार्मिक रूप से बहुत बड़ा महत्व होता है. कई लोग दीपक जलाकर उसे सीधे जमीन या फर्श पर रख देते हैं, जो कि वास्तु के अनुसार पूरी तरह गलत है. दीपक को हमेशा किसी छोटी प्लेट, चावल के ढेरी या लकड़ी की चौकी के ऊपर ही रखना चाहिए. ऐसा करने से दीपक का मान बना रहता है और आपके घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बढ़ता है.

पूजा का कलश
घर में जब भी कोई धार्मिक अनुष्ठान या पूजा-पाठ होता है, तो कलश की स्थापना जरूर की जाती है. कई बार लोग जल्दबाजी में कलश को सीधे ही जमीन पर स्थापित कर देते हैं. ऐसा करने से पूजा का पूरा शुभ फल प्राप्त नहीं होता है. कलश स्थापित करने से पहले जमीन पर थोड़े से चावल, गेहूं या साफ मिट्टी की ढेरी जरूर बनाएं. फिर उसी के ऊपर कलश स्थापित करें. ऐसा करने से घर में सुख-शांति बनी रहती है और धन-धान्य की कमी नहीं होती.

भोजन की थाली
अगर आप जमीन पर बैठकर खाना खाने के शौकीन हैं, तो यह एक बहुत अच्छी आदत है. लेकिन भोजन करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखें कि खाने की थाली सीधे फर्श पर न रखी हो. भोजन की थाली सीधे जमीन पर रखने से मां अन्नपूर्णा का अपमान माना जाता है. इससे घर में बरकत रुक जाती है और वास्तु दोष लगता है. इसलिए भोजन की थाली को हमेशा किसी पटरे, चौकी या आसन के ऊपर रखकर ही सम्मानपूर्वक खाना खाएं.

पढ़ाई की किताबें
शास्त्रों और वास्तु विज्ञान में पुस्तकों को माता सरस्वती का रूप माना गया है. इसलिए किताबों को कभी भी सीधे जमीन पर नहीं रखना चाहिए. बहुत से बच्चे पढ़ते समय किताबों को सीधे फर्श पर छोड़ देते हैं, जिससे वास्तु दोष लगता है. ऐसा करने से व्यक्ति को मानसिक तनाव का सामना करना पड़ सकता है और पढ़ाई में मन नहीं लगता. किताबों को हमेशा टेबल, अलमारी या किसी कपड़े के ऊपर ही संभाल कर रखना चाहिए.