हैदराबाद में आयोजित भारत समिट में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मौजूदगी में इटली के नेता और पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक की ओर से वोट चोर, गद्दी छोड़ का नारा लगाए जाने पर सियासी विवाद बढ़ता जा रहा है. भारतीय जनता पार्टी ने इस मुद्दे पर राहुल गांधी को घेरा है. राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल पर देश के लोकतांत्रिक संस्थानों और भारत के जनादेश का अपमान करने का आरोप लगाया.

गौरव भाटिया ने कहा कि जिस मंच का इस्तेमाल भारत और तेलंगाना को मजबूती देने के लिए होना चाहिए था, उसका इस्तेमाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नफरत फैलाने और देश में अस्थिरता के बीज बोने के लिए किया गया. उन्होंने भारत समिट को एंटीभारत समिट करार देते हुए कहा कि राहुल गांधी इस कार्यक्रम में मौजूद थे और विदेशी नेता ने भारतीय मंच से भारत के लोकतांत्रिक जनादेश का मजाक उड़ाया.
विदेशी नेता ने भारत के जनादेश को चुनौती दी
बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि भारत समिट में पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक को मंच दिया गया. उन्होंने उसी मंच से वोट चोर, गद्दी छोड़ का नारा लगाया. भाटिया के मुताबिक, यह भारत के आंतरिक राजनीतिक मामलों और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा विषय था. उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी ने विदेशी नेता को ऐसा बयान देने से क्यों नहीं रोका. भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी को कहना चाहिए था कि भारत के आंतरिक मामले में किसी विदेशी नेता को टिप्पणी नहीं करनी चाहिए. लेकिन ऐसा करने के बजाय राहुल गांधी मुस्कुराते रहे, हंसते रहे और ताली बजाते रहे.
राहुल गांधी ने नहीं रोका, मुस्कुराकर ताली बजाई
गौरव भाटिया ने कहा, ‘राहुल गांधी ने जियाकोमो फिलिबेक को नहीं रोका. राहुल गांधी ने यह नहीं कहा कि यह हमारा आंतरिक मामला है और फिलिबेक को इस पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए. राहुल गांधी मुस्कुराते रहे और ताली बजाते रहे.’ बीजेपी प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के इस व्यवहार से भारतीयों को ठेस पहुंची है. उन्होंने कहा कि देश की संप्रभुता और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दे पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष का इस तरह प्रतिक्रिया देना दुर्भाग्यपूर्ण है.
राहुल गांधी का एक ही एजेंडा भारत को बदनाम करना
बीजेपी प्रवक्ता ने राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति नफरत में देश को बदनाम करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि चुनावों में हार के बाद राहुल गांधी की निराशा उनके बयानों में दिखाई देती है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। भाटिया ने दावा किया कि राहुल गांधी ने अपनी पार्टी को 99 चुनाव हरवाए हैं. उन्होंने राहुल गांधी को अराजकतावादी, अपरिपक्व, पार्ट टाइम और एंटीनेशनल जैसे शब्दों से संबोधित किया. भाटिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का एकमात्र लक्ष्य भारत को बदनाम करना है.
भारत समिट में क्या बोले थे जियाकोमो फिलिबेक?
हैदराबाद में 14 नवंबर को आयोजित भारत समिट में पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक ने राहुल गांधी और कांग्रेस के चुनावी अभियान का समर्थन किया था. उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी ने एक व्यक्ति, एक वोट के लोकतांत्रिक सिद्धांत की रक्षा की है. फिलिबेक ने मतदाता सूची को साफ और पारदर्शी बनाने की राहुल गांधी की मुहिम का जिक्र करते हुए कहा था कि लोकतंत्र अपने आप नहीं मिलता, बल्कि उसे बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है. इसी दौरान उन्होंने वोट चोर, गद्दी छोड़ का नारा लगाया और अंग्रेजी में इसका अर्थ भी दोहराया.
विदेशी नेता के बयान पर BJP का सवाल, कांग्रेस ने भी दिया जवाब
फिलिबेक के बयान के बाद बीजेपी नेताओं ने सवाल उठाया कि किसी विदेशी राजनीतिक नेता को भारत के घरेलू राजनीतिक मुद्दों पर टिप्पणी करने का मंच क्यों दिया गया. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पूछा था कि जब कोई विदेशी भारत का अपमान करे तो क्या कोई भारतीय उस पर हंसता है?
वहीं, कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने बीजेपी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा था कि लूट और भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रही मोदी सरकार और बीजेपी को भ्रष्टाचार पर बोलने का अधिकार नहीं है. फिलिबेक के बयान पर उन्होंने कहा था कि अगर कोई विदेशी आकर ऐसी बात कहता है तो आत्ममंथन की जरूरत है.



