चंबा। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दामाद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव गांव की सिंचाई नहर में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक के ससुर ने उसकी मौत को लेकर कुछ युवकों पर शक जताया है।

नहर में मिला 37 वर्षीय युवक का शव

जानकारी के अनुसार, मामला जिला चंबा की ग्राम पंचायत कुड्डी के भुगनार गांव का है। यहां शनिवार को एक कूहल में 37 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

 

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए जरूरी साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नूरपुर से फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मृतक की पहचान अमित कुमार पुत्र सुशील कुमार के रूप में हुई है।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

वहीं, अमित कुमार की मौत को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक के ससुर अजय कुमार ने पुलिस को दिए बयान में संदेह जताया कि अमित के साथ घटना वाली रात जो लोग मौजूद थे, उनसे सख्ती से पूछताछ की जानी चाहिए। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने और अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी मौत की वजह

फिलहाल अमित कुमार की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस को पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। उधर, युवक का शव मिलने के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा हो रही है।