Featured Image

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर के जनियाजोत गांव में शादी के तुरंत बाद एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां शादी की पहली ही रात नवविवाहित देशराज चौहान और अनीता चौहान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. सुबह दूल्हे का शव फंदे से लटका मिला, जबकि दुल्हन बिस्तर पर मृत पाई गई. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.

दरवाजे पर नहीं लगी थी कुंडी

सोमवार को बांसी स्थित टेकधर बाबा मंदिर में दोनों की शादी हुई थी. इसके बाद घर पर जश्न का माहौल था और रिश्तेदारों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी. देर रात सब लोग सोने चले गए. गर्मी ज्यादा होने की वजह से परिवार के कई सदस्य छत पर सोए थे.

मंगलवार सुबह जब दूल्हे की मौसी मीनाक्षी दोनों को उठाने कमरे के पास पहुंचीं, तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई. जब उन्होंने दरवाजे को हल्का सा धक्का दिया, तो वह तुरंत खुल गया. अंदर का दृश्य देखकर परिजन सन्न रह गए. कमरे का दरवाजा अंदर से बंद नहीं था, जिसने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

लव मैरिज और परिजनों की सहमति

मृतका अनीता की बहन ने घटना पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब शादी दोनों परिवारों की रजामंदी से हुई थी, तो ऐसा कदम क्यों उठाया गया. देशराज और अनीता एक-दूसरे को पहले से जानते थे. देशराज बाहर काम करता था और गांव लौटने के बाद दोनों की शादी की तारीख तय की गई. अनीता की बहन के मुताबिक, अगर कमरे में कोई विवाद या हाथापाई हुई होती तो आसपास सो रहे लोगों को जरूर सुनाई देती.

पुलिस फॉरेंसिक जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही बांसी कोतवाली पुलिस और सीओ शुभेंदु सिंह मौके पर पहुंचे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों से पूछताछ में अभी कोई ठोस वजह सामने नहीं आई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा.