Indian Idol Winner: टीवी के सबसे लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल को अपना नया विजेता मिल गया है। ओडिशा की प्रतिभाशाली गायिका ज्योतिर्मयी नायक ने शानदार प्रस्तुतियों के दम पर इंडियन आइडल के 16 वें सीजन की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

उन्हें विजेता बनने पर ट्रॉफी के साथ 20 लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी मिली। वहीं मध्य प्रदेश के जबलपुर के तनिष्क शुक्ला दूसरे स्थान पर रहे। कई महीनों तक चले इस मुकाबले का ग्रैंड फिनाले संगीत और मनोरंजन से भरपूर रहा, जिसमें देश के कई बड़े कलाकार भी शामिल हुए।
फिनाले में शानदार प्रस्तुति से जीता सभी का दिल
ग्रैंड फिनाले में ज्योतिर्मयी नायक ने ‘सैंया ओ सैंया’ गीत पर शानदार प्रस्तुति देकर जजों और दर्शकों का दिल जीत लिया। पूरे सीजन में उनकी कई प्रस्तुतियों को खूब सराहा गया। फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी ने उनके गीत ‘ओ जब तक है जान’ की प्रस्तुति पर खड़े होकर तालियां बजाईं, जबकि अभिनेत्री लीना चंदावरकर ने इच्छा जताई कि वह अपने पसंदीदा गीत ‘जाने क्यों लोग मोहब्बत किया करते हैं’ को ज्योतिर्मयी की आवाज में सुनना चाहती हैं। उनकी गायकी ने पूरे सीजन में लगातार दर्शकों का भरोसा जीता।
इन प्रतिभागियों को पीछे छोड़ बनीं विजेता
इंडियन आइडल 16 के ग्रैंड फिनाले में अंशिका चोंकर, मनराज वीर सिंह, मायस्कम्मे बोसु, सुहैल सूफी, तनिष्क शुक्ला और ज्योतिर्मयी नायक के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। आखिर में ज्योतिर्मयी ने सभी प्रतियोगियों को पीछे छोड़ते हुए ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
ग्रैंड फिनाले में जज श्रेयाघोषाल और बादशाह मौजूद रहे। इसके अलावा उषा उत्थुप, उदित नारायण, पापोन, कुमार सानू, शहनाज गिल और उर्मिला मातोंडकर ने भी अपनी मौजूदगी से फिनाले को खास बनाया।
जीत के बाद बोलीं सपना सच हो गया
ट्रॉफी जीतने के बाद ज्योतिर्मयी नायक ने कहा कि इंडियन आइडल 16 जीतना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने बताया कि वह बड़े सपने लेकर ऑडिशन में आई थीं और आज विजेता बनना उनके जीवन का सबसे खास पल है।
उन्होंने इस सफलता का श्रेय अपने परिवार, दोस्तों, जजों, शो की पूरी टीम और उन सभी दर्शकों को दिया जिन्होंने उन्हें लगातार वोट देकर समर्थन दिया। उनका कहना है कि यह ट्रॉफी उन सभी लोगों की है जिन्होंने उन पर भरोसा किया।
अब बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाना है लक्ष्य
ज्योतिर्मयी नायक का कहना है कि इंडियन आइडल का यह सफर उनके जीवन की नई शुरुआत है। वह आगे भी ऐसा संगीत लोगों तक पहुंचाना चाहती हैं जो सीधे दिल को छू जाए। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उनका सपना बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाना और अपनी आवाज से देशभर के संगीत प्रेमियों का दिल जीतना है।
इंडियन आइडल 16 की जीत के साथ ज्योतिर्मयी नायक अब देश की नई उभरती हुई गायिकाओं में शामिल हो गई हैं और उनसे आगे भी कई बेहतरीन गीतों की उम्मीद की जा रही है।



