उमेश पाल मर्डर केस के मुख्य आरोपियों में से एक अरमान बिहारी आखिरकार प्रयागराज पुलिस के हत्थे चढ़ गया. 5 लाख के इनामी बदमाश अरमान बिहारी को बिहार में गया से ट्रांजिट रिमांड पर प्रयागराज लाया गया है. अतीक अहमद के खास शूटर अरमान बिहारी को प्रयागराज पुलिस ने सोमवार को भारी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

प्रयागराज पुलिस के मुताबिक बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड में गवाह अधिवक्ता उमेश पाल की हत्या में अरमान बिहारी मुख्य भूमिका में था. तीन वर्ष पहले प्रयागराज के सुलेमसराय में हुए इस हत्याकांड में अरमान बिहारी हाथों में बंदूक लिए बाइक पर सवार था. उसकी ही बाइक पर बमबाज गुड्डू मुस्लिम भी सवार था. वारदात के सीसीटीवी फुटेज में गुड्डू मुस्लिम को बम फेंकते देखा गया, वहीं अरमान भी अपनी बंदूक से फायरिंग करते नजर आया था.

देश भर में तलाश कर रही थी STF

वारदात के बाद से ही फरार अरमान बिहारी के खिलाफ प्रयागराज पुलिस ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. उसी समय से प्रयागराज पुलिस के अलावा यूपी एसटीएफ इस बदमाश की तलाश देश भर में कर रही थी. इसी बीच पता चला कि यूपी पुलिस से बचने के लिए यह बदमाश किसी छोटे जुर्म में गया की जेल में बंद है. इस सूचना पर गया पहुंची प्रयागराज पुलिस ने कोर्ट से उसका ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे रविवार की देर रात प्रयागराज ले आई.

अतीक का खास शूटर

कुख्यात माफिया डान अतीक अहमद की गैंग में अरमान बिहारी का खास रोल था. वह अतीक का खास शूटर था. हालांकि अतीक की हत्या के बाद इसने यूपी छोड़ दिया था. उमेश पाल हत्याकांड में अभी करीब आधा दर्जन आरोपी फरार हैं. इनमें अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन, देवरानी, बमबाज गुड्डू मुस्लिम, शूटर साबिर आदि शामिल हैं. पुलिस ने इन सभी पर पांचपांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया है.

कस्टडी रिमांड ले सकती है पुलिस

पुलिस सूत्रों के मुताबिक बदमाश अरमान बिहारी को फिलहाल 48 घंटे के ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया था. इस अवधि के पूरा होने से पहले ही उसे प्रयागराज की कोर्ट में पेश कर दिया गया. जहां से उसे जेल भेजा गया है. अब पुलिस मामले में आगे की पूछताछ के लिए उसे कस्टडी रिमांड पर लेने की कोशिश करेगी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके लिए जल्द ही कोर्ट में पुलिस की ओर से अर्जी दाखिल कर दिया जएगा.