Featured Image

हरियाणा के पानीपत में रविवार को एक ऐसे मामला सामने आया है जो आपको भावुक कर देगा. यहां 40 वर्षीय गयाप्रसाद की चिता जलती रही और उसकी बहन मोबाइल फोन पर वीडियो कॉल के जरिए भाई का अंतिम संस्कार देखती रही थी. भाई की मौत की खबर मिलने के बावजूद वह पानीपत नहीं पहुंची. इतना ही नहीं, उसने भाई की अस्थियां लेने से भी मना कर दिया. आखिरकार जन सेवा दल के सदस्यों ने ही गयाप्रसाद का अंतिम संस्कार कराया.

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के जफरपुर निवासी गयाप्रसाद के रूप में हुई है. वह पिछले करीब 15 साल से पानीपत में रहकर एक फैक्ट्री में काम कर रहा था. शनिवार को हार्ट अटैक आने से उसकी मौत हो गई. इसके बाद पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया. जब जन सेवा दल ने उसके परिवार का पता लगाने की कोशिश की तो उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में रहने वाली उसकी बहन मालती से संपर्क हुआ.

संस्था के सदस्यों ने मालती को भाई की मौत की जानकारी दी और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पानीपत आने को कहा. लेकिन उसने बताया कि वह काफी दूर रहती है. उसका पति खेतों में मजदूरी करता है. ऐसे में दोनों के लिए काम छोड़कर पानीपत पहुंचना संभव नहीं है. उसने संस्था से ही अपने तरीके से अंतिम संस्कार करने की बात कही.

वीडियो कॉल पर भाई का अंतिम संस्कार देख रो पड़ी बहन

जन सेवा दल के प्रधान चमन लाल गुलाटी ने वीडियो कॉल के जरिए मालती और उसकी बेटी को गयाप्रसाद का अंतिम संस्कार दिखाया. इस दौरान उन्होंने बहन से कहा कि उसका भाई दुनिया छोड़कर चला गया, लेकिन वह उसे आखिरी विदाई देने भी नहीं पहुंची.

उन्होंने भाई-बहन के रिश्ते की अहमियत बताते हुए मालती से सवाल भी किए. गुलाटी की बातें सुनकर मालती और उसकी बेटी वीडियो कॉल पर रोने लगीं. हालांकि, इसके बाद भी उन्होंने पानीपत आने से मना कर दिया.

बातचीत के दौरान जब चमन लाल गुलाटी ने मालती से भाई के बैंक खाते और पीएफ में जमा रकम के बारे में पूछा तो उसने कहा कि फैक्ट्री मालिक का नंबर दे दिया जाए, वह उससे खुद बात कर लेगी. वहीं, जब उसे भाई की अस्थियां लेने के लिए पानीपत बुलाया गया तो उसने इससे भी इनकार कर दिया. इसके बाद जन सेवा दल ने ही गयाप्रसाद का अंतिम संस्कार और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कीं.

15 साल पहले पत्नी और बच्चों के साथ आया था पानीपत

जानकारी के मुताबिक, गयाप्रसाद की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी. उसके तीन बच्चे हैं. करीब 15 साल पहले वह पत्नी और बच्चों के साथ रोजगार की तलाश में पानीपत आया था. यहां वह सेक्टर-25 की एक फैक्ट्री में काम करने लगा.

कुछ साल पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद उसकी पत्नी तीनों बच्चों को लेकर उसे छोड़कर चली गई. इसके बाद से गयाप्रसाद पानीपत में अकेले ही रह रहा था. उसकी मौत के बाद शहर में उसका कोई करीबी मौजूद नहीं था, जिसके चलते जन सेवा दल ने आगे आकर अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी उठाई.

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।