धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार और राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। मुख्यमंत्री की ओर से मंत्री बनाए जाने का ऐलान होने के बावजूद कैबिनेट में जगह नहीं मिलने से कुल्लू के कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर की नाराजगी अब उनके बयानों में साफ झलकने लगी है। उन्होंने सीधे सवाल खड़ा किया है कि आखिर कुल्लू जिले को सरकार में उसका उचित प्रतिनिधित्व क्यों नहीं मिल रहा?

कुल्लू बाजा बजाने के लिए नहीं…
सुंदर सिंह ठाकुर ने अपने तल्ख अंदाज में कहा, “कुल्लू के लोग बाजा बजाने के लिए नहीं हैं। कुल्लू वाले अपने सम्मान के लिए लड़ना जानते हैं।” उनके इस बयान ने कांग्रेस के भीतर चल रही असंतुष्टि को फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है। विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके लिए मंत्री पद से कहीं अधिक महत्वपूर्ण कुल्लू जिले का सम्मान और वहां के कार्यकर्ताओं की भावनाएं हैं। पार्टी छोड़ने के सवाल पर उन्होंने फैसला खुद सुनाने के बजाय कार्यकर्ताओं पर छोड़ दिया।
जिले को मिलना चाहिए उचित सम्मान
सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि उनके लिए मंत्री बनना व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा का विषय नहीं है। उनका कहना है कि कुल्लू के कार्यकर्ताओं ने लंबे समय तक संघर्ष करके पार्टी को मजबूती दी है और जिले की राजनीतिक हिस्सेदारी को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। ऐसे में सवाल सिर्फ एक विधायक को मंत्री बनाने का नहीं, बल्कि पूरे जिले को सरकार में उचित प्रतिनिधित्व देने का है।
कुल्लू कोई नो-मैन्स लैंड नहीं’
विधायक ने कुल्लू के राजनीतिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह जिला हिमाचल प्रदेश की पहचान का अहम हिस्सा है। पर्यटन के क्षेत्र में कुल्लू ने प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। इसके बावजूद यदि सरकार में जिले को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिलता, तो कार्यकर्ताओं में नाराजगी होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि कुल्लू कोई ऐसी जगह नहीं है, जिसकी राजनीतिक हिस्सेदारी को नजरअंदाज किया जा सके। सुंदर सिंह ठाकुर ने पूर्व के राजनीतिक दौर का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश के अलग-अलग मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल में कुल्लू को मंत्रिमंडल में स्थान मिलता रहा है। उन्होंने लालचंद प्रार्थी और ठाकुर कुंज लाल जैसे नेताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले का प्रतिनिधित्व कोई नई मांग नहीं है।
दशहरा उत्सव की बैठक में भी उठा था प्रतिनिधित्व का मुद्दा
सुंदर सिंह ठाकुर ने अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान हुई बैठक का जिक्र करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मंत्रियों और पार्टी नेतृत्व की मौजूदगी में कुल्लू के कार्यकर्ता अपनी बात रखना चाहते थे। उनके अनुसार, उस समय उनकी प्राथमिकता दशहरा उत्सव को भव्य तरीके से आयोजित करवाने की थी, इसलिए उन्होंने कार्यकर्ताओं की आपसी चर्चा में हस्तक्षेप नहीं किया।
उन्होंने कहा कि बंद कमरे में कार्यकर्ता यदि अपने जिले के सम्मान और राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर चर्चा करते हैं, तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है। कार्यकर्ताओं की बात सुनना उनकी जिम्मेदारी है। उनके इस बयान से साफ है कि कुल्लू में प्रतिनिधित्व का सवाल केवल व्यक्तिगत नाराजगी तक सीमित नहीं, बल्कि स्थानीय संगठन के भीतर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
पार्टी छोड़ने पर क्या बोले सुंदर सिंह ठाकुर
पार्टी छोड़ने की संभावना से जुड़े सवाल पर सुंदर सिंह ठाकुर ने कोई सीधा ऐलान नहीं किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता उनकी ताकत हैं और वे जो फैसला करेंगे, वह उसे स्वीकार करेंगे। उन्होंने अपनी राजनीतिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए कहा कि वह किसी राजनीतिक परिवार या राजपरिवार से नहीं आते। गांव से निकलकर उन्होंने संगठन के अलग-अलग स्तरों पर काम किया और कार्यकर्ताओं के सहयोग से राजनीति में अपनी जगह बनाई। उनकी ताकत उनके कार्यकर्ता हैं।
उन्होंने एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और पंचायत समिति अध्यक्ष के रूप में अपने सफर का उल्लेख किया। उनका कहना था कि पिछले करीब 15 वर्षों से कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने लगातार उनका साथ दिया है। ऐसे में उनकी भावनाओं और जिले के सम्मान से जुड़े मुद्दों को अनदेखा नहीं किया जा सकता।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष को नोटिस पर भी संगठन को घेरा
सुंदर सिंह ठाकुर ने कुल्लू जिला कांग्रेस अध्यक्ष को जारी नोटिस पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें इस नोटिस की जानकारी सुबह मिली और उनकी नजर में यह कार्रवाई उचित नहीं है, क्योंकि जिला अध्यक्ष ने मीडिया में कोई बयानबाजी नहीं की थी। विधायक ने संगठन के भीतर अलग-अलग मामलों में अलग-अलग रवैया अपनाए जाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि यदि कहीं अन्य स्थानों पर मंचों से नेताओं और विधायकों के खिलाफ बयान दिए जाते हैं या पार्टी कार्यालयों में विवाद होते हैं, तो वहां भी समान मापदंड लागू होने चाहिए। कुल्लू के मामले में अलग व्यवहार नहीं होना चाहिए। इस मुद्दे ने जिले के संगठनात्मक विवाद को भी राजनीतिक चर्चा में ला दिया है।
विकास के मुद्दों को भी प्रतिनिधित्व की बहस से जोड़ा
सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि कुल्लू के सामने विकास से जुड़े कई अहम सवाल हैं। आपदा के बाद पुनर्निर्माण, पर्यटन स्थलों पर बढ़ता ट्रैफिक दबाव, कनेक्टिविटी और ब्यास नदी के तटीयकरण जैसे विषयों पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है। उनका कहना है कि जिले ने आपदाओं का सामना किया है और विकास के लिए लगातार प्रयास किए हैं, इसलिए सरकार में उसकी आवाज और भागीदारी भी मजबूत होनी चाहिए।
अब कांग्रेस नेतृत्व के सामने संगठन और सरकार, दोनों की चुनौती
सुंदर सिंह ठाकुर के ताजा बयान ने हिमाचल कांग्रेस के भीतर मंत्रिमंडल विस्तार, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और संगठनात्मक असंतोष से जुड़े सवालों को फिर उभार दिया है। एक ओर विधायक मंत्री पद को व्यक्तिगत मुद्दा नहीं बता रहे, वहीं दूसरी ओर कुल्लू के सम्मान और कार्यकर्ताओं के फैसले को सर्वोपरि रखकर उन्होंने अपनी नाराजगी भी जाहिर कर दी है।



