उत्तर प्रदेश में 17 नवंबर का दिन सियासी और सामाजिक गतिविधियों के लिहाज से काफी अहम रहने वाला है. एक तरफ मथुरा में बीजेपी की अहम बैठक होगी, जिसमें प्रदेश की कोर कमेटी के सदस्य शामिल हो सकते हैं. वहीं, सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत होने की संभावना है. इसके अलावा चुनाव आयोग ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी करेगा, तो बीजेपी अपने मतदाता जोड़ो अभियान की शुरुआत भी करेगी. इसी दिन गोंडा और प्रतापगढ़ में बड़े धार्मिक आयोजन भी होने हैं. आइए जानते हैं 17 नवंबर को यूपी में होने वाले 6 बड़े इवेंट कौन से हैं.

1. मथुरा में बीजेपी की अहम बैठक
16 और 17 नवंबर को मथुरा में बीजेपी की बैठक होनी है. 17 नवंबर को इस बैठक में यूपी बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक भी हो सकती है. इसमें कोर कमेटी के सभी सदस्य शामिल होंगे. बैठक में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों डिप्टी सीएम, प्रदेश महामंत्री और कोर कमेटी में हाल ही में शामिल किए गए तीन नए सदस्य महेंद्र सिंह, स्वतंत्र देव सिंह और जेपीएस राठौर मौजूद रह सकते हैं. इस बैठक में प्रदेश के राजनीतिक हालात और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है.
2. सपाकांग्रेस में सीट बंटवारे पर बातचीत संभव
17 नवंबर को ही समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं के बीच बैठक हो सकती है. इसमें यूपी में सीट बंटवारे को लेकर चर्चा होने की संभावना है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव दावा कर चुके हैं कि कांग्रेस 181 सीटों की मांग कर रही है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वहीं, सपा सूत्रों का कहना है कि पार्टी कांग्रेस को 60 से 70 सीटें देने के मूड में है. ऐसे में दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर सहमति बन पाती है या नहीं, इस पर नजर रहेगी.
3. चुनाव आयोग जारी करेगा ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
17 नवंबर के ही दिन चुनाव आयोग ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी करेगा. इसकी प्रतियां मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएंगी. इसके बाद बूथ लेवल ऑफिसर राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट के साथ बैठक कर मतदाता सूची की जांच करेंगे. इस प्रक्रिया में छूटे हुए, गलत या अपात्र मतदाताओं के नामों की पहचान की जा सकेगी.
4. गोंडा में बड़ी रामकथा
17 नवंबर को गोंडा में आलोकदास जी महाराज की ओर से बड़ी रामकथा का आयोजन कराया जा रहा है. इस कथा के कथावाचक राजन जी महाराज होंगे, जबकि आयोजन में बाबा रामदेव की प्रमुख भूमिका रहेगी. इस कार्यक्रम में बाबा बागेश्वर के भी शामिल होने की संभावना है. इसके अलावा विश्व हिंदू परिषद के आलोक कुमार, RSS के कई पदाधिकारी, अवधेशानंद गिरि और बाबा चिदानंद सरस्वती जैसे संत भी पहुंच सकते हैं. कई केंद्रीय मंत्रियों और प्रदेश सरकार के मंत्रियों के शामिल होने की भी संभावना है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी बाबा रामदेव की ओर से निमंत्रण दिया गया है.
5. प्रतापगढ़ में राजाभैया करा रहे रामकथा
17 नवंबर को प्रतापगढ़ में रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजाभैया की ओर से कराई जा रही रामकथा की शुरुआत होगी. इस कथा के कथावाचक बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री होंगे. आयोजन में पाकिस्तान से विस्थापित होकर आए 500 हिंदू परिवारों के शामिल होने की बात कही गई है. इसके अलावा कई बड़े सनातन वक्ता भी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे.
6. बीजेपी शुरू करेगी मतदाता जोड़ो अभियान
17 नवंबर से बीजेपी उत्तर प्रदेश में मतदाता जोड़ो अभियान की शुरुआत करेगी. करीब एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के तहत पार्टी पूरे प्रदेश में ऐसे लोगों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने पर फोकस करेगी, जिनके नाम किसी वजह से सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं. पार्टी कार्यकर्ताओं को इस अभियान के जरिए बूथ स्तर पर लोगों तक पहुंचने की जिम्मेदारी दी जाएगी.



