कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर आयोजकों की ओर से 10 अक्टूबर के लिए दिशानिर्देश जारी किए गए हैं. प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने, कानून का पालन करने और किसी भी तरह की हिंसा से दूर रहने की अपील की गई है. निर्देशों में कहा गया है कि किसी भी उकसावे में आकर ऐसा कदम न उठाया जाए, जिससे प्रदर्शन का उद्देश्य प्रभावित हो या किसी की जानमाल को नुकसान पहुंचे.

जारी गाइडलाइन में स्पष्ट किया गया है कि प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी, आगजनी, सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और बैरिकेडिंग तोड़ने जैसी गतिविधियों से बचना होगा. प्रदर्शनकारियों से यह भी कहा गया है कि वे एंबुलेंस, दमकल की गाड़ियों और अन्य आपातकालीन सेवाओं के रास्ते बाधित न करें तथा अस्पतालों के प्रवेश द्वारों को खाली रखें.

निर्देशों के मुताबिक, प्रदर्शन में लाठी, पत्थर, ज्वलनशील पदार्थ या किसी को चोट पहुंचाने वाली वस्तु लेकर नहीं आना चाहिए। पुलिसकर्मियों, अधिकारियों, पत्रकारों और आम लोगों के साथ दुर्व्यवहार, धमकी, नफरत फैलाने वाले भाषण और सांप्रदायिक टिप्पणी से भी बचने की सलाह दी गई है. प्रदर्शनकारियों से निर्धारित सीमाओं का सम्मान करने और प्रतिबंधित क्षेत्रों में जबरन प्रवेश नहीं करने को कहा गया है.

उकसावे और अफवाहों से बचने की अपील

गाइडलाइन में प्रदर्शनकारियों को सतर्क रहने और हिंसा या तोड़फोड़ के लिए उकसाने वाले किसी भी प्रयास में शामिल नहीं होने की सलाह दी गई है. ऐसी स्थिति सामने आने पर सुरक्षित तरीके से CJP के निर्धारित समन्वयक को सूचना देने और जरूरत पड़ने पर पुलिस को सूचित करने को कहा गया है। साथ ही, बिना पुष्टि वाले वीडियो, भ्रामक दावों और अफवाहों को सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने की अपील की गई है.

आयोजकों ने प्रदर्शनकारियों से किसी घटना की रिकॉर्डिंग करते समय सुरक्षा और कानून का ध्यान रखने को भी कहा है. तनाव बढ़ने पर टकराव वाली जगह से दूर जाने, जरूरतमंद लोगों की मदद करने और अपने समूह के साथ संपर्क बनाए रखने की सलाह दी गई है.

पुलिस के निर्देशों का पालन करने पर जोर

निर्देशों में कहा गया है कि पुलिस के साथ बातचीत के दौरान प्रदर्शनकारी शांत रहें और शारीरिक विरोध न करें. हिरासत में लिए जाने की स्थिति में हिरासत का कारण पूछने और कानूनी सहायता लेने की सलाह दी गई है. प्रदर्शनकारियों से अपने जरूरी पहचान पत्र, दवाइयां और चार्ज मोबाइल फोन साथ रखने को भी कहा गया है.

CJP की अपील में कहा गया है कि किसी एक व्यक्ति को शांतिपूर्ण प्रदर्शन को हिंसक दिशा में ले जाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए. प्रदर्शन का उद्देश्य शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना, संवैधानिक अधिकारों का सम्मान करना और जिम्मेदार नागरिकता का परिचय देना होना चाहिए.

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।