
केरल के अलाप्पुझा में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक घटना सामने आई है जहां एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या का मामला सुलझाते हुए पुलिस ने दावा किया है कि उसकी हत्या उसी की नाबालिग पोती ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर कर दी। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पोती समेत चार नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। हालांकि इस केस को जुवेनाइल जस्टिस (केयर एंड प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत देखा जाएगा।
पुलिस ने बताया है कि बुजुर्ग व्यक्ति की पोती ने अपने दादा की हत्या के लिए ही अपने दोस्तों को हायर किया था और इस हत्या को अंजाम इसलिए दिया गया क्योंकि उस लड़की को अपने लिए आईफोन और अपने बॉयफ्रेंड के लिए बाइक चाहिए थी। लड़की ने अपने दादा की हत्या कराने के बाद घर में से सोने के सिक्के भी चुरा लिए।
वादरात के वक्त घर में अकेला था बुजुर्ग
पुलिस के मुताबिक, बुजुर्ग व्यक्ति की हत्या की वारदात को अंजाम तीन नाबालिगों ने दिया था। तीनों आरोपियों ने हत्या का वीडियो रिकॉर्ड करके उस लड़की को भी भेजा था। पुलिस ने बताया कि वारदात को उस वक्त अंजाम दिया गया जब बुजुर्ग व्यक्ति घर में अकेला था। ऐसे में पुलिस ने यह कंफर्म किया है कि इस हत्या के लिए अच्छी खासी प्लानिंग की गई थी।
गला घोंटकर की गई थी हत्या!
अधिकारी ने बताया कि जब पुलिस सूचना के बाद मौके पर पहुंची तो मृत बुजुर्ग व्यक्ति के हाथ और पैर कपड़े के एक टुकड़े से बंधे हुए थे। स्थानीय लोगों ने उसे आखिरी बार शनिवार शाम को देखा था। पोती जो एक रिश्तेदार के घर पर रह रही थी वह सोमवार सुबह किराए के घर आई और पड़ोसियों को बताया कि कोई दरवाजा नहीं खोल रहा है। इसके बाद पड़ोसी जबरदस्ती घर में घुसे और फिर पुलिस को जानकारी दी गई।
पुलिस को कैसे हुआ लड़की पर शक?
पुलिस ने जब बुजुर्ग व्यक्ति की बॉडी को बरामद किया तो बॉडी के गले में रस्सी के निशान थे जिससे पुलिस को शक हुआ कि हत्या गला घोंटकर दी गई है। पुलिस ने घर की तलाशी ले तो पता चला कि घर में चोरी भी हुई है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। घर में से सोने के 6 सिक्के गायब हैं।
पुलिस को लड़की पर शक तब हुआ जब उसकी गतिविधियां संदेह में रहीं। पुलिस ने देखा कि लड़की ने स्कूल में चल रहे टर्म एग्जाम में शामिल होने का जोर दिया। साजिश का पता तब चला जब पुलिस ने उससे डिटेल में पूछताछ की और उसके मोबाइल फोन की जांच की, जिससे पता चला कि टीन गैंग ने मर्डर के विज़ुअल शेयर किए थे।



