बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन की इंग्लैंड टेस्ट टीम में वापसी हो गई है। ECB ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और निर्णायक टेस्ट के लिए स्क्वाड का ऐलान करते हुए स्टोक्स को फिर से कप्तानी सौंपी है।

ENG vs NZ, Ben Stokes returned to squad: इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के तीसरे और अंतिम मुकाबले के लिए स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। 25 जून से नॉटिंघम में खेले जाने वाले इस मुकाबले से पहले सभी की नजरें इस बात पर टिकी थीं कि क्या बेन स्टोक्स की टीम में वापसी होगी या नहीं। अब ECB ने इन अटकलों पर विराम लगाते हुए स्टोक्स को टीम में शामिल कर लिया है और उन्हें दोबारा कप्तानी की जिम्मेदारी भी सौंप दी है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में जीत के बाद बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन नाइट कर्फ्यू तोड़कर नाइटक्लब जाने के मामले में जांच के दायरे में आ गए थे। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों को दूसरे टेस्ट से बाहर रखा गया था। हालांकि अब अनुशासनात्मक सुनवाई पूरी होने के बाद दोनों खिलाड़ियों की टीम में वापसी हो गई है, जिससे इंग्लैंड को निर्णायक मुकाबले से पहले बड़ी मजबूती मिली है।

ENG vs NZ: स्टोक्स और एटकिंसन पर पूरी हुई ECB की सुनवाई

बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन पर टीम अनुबंध की कुछ शर्तों का उल्लंघन करने का आरोप लगा था। ECB की अनुशासनात्मक समिति ने मामले की सुनवाई पूरी करने के बाद दोनों खिलाड़ियों को लिखित चेतावनी जारी की है। बोर्ड ने अपने आधिकारिक बयान में साफ किया कि नाइटक्लब में हुई मारपीट की घटना के लिए खिलाड़ियों को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। जांच में सामने आया कि स्टोक्स किसी भी विवाद में शामिल नहीं थे और उन्होंने घटना को प्रत्यक्ष रूप से देखा भी नहीं था। वहीं एटकिंसन को बिना किसी उकसावे के हमले का शिकार माना गया और उन्होंने किसी भी तरह की जवाबी कार्रवाई नहीं की। इसी आधार पर दोनों खिलाड़ियों को क्लीन चिट देते हुए टीम में वापस शामिल किया गया।

Brendon McCullum confirms, Ben Stokes will be back for the third Test against New Zealand.pic.twitter.com/q8u0zrdxEe

— Sheri. June 21, 2026

ENG vs NZ: कप्तान के रूप में लौटे बेन स्टोक्स

बेन स्टोक्स की वापसी इंग्लैंड के लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। उनकी कप्तानी में इंग्लैंड ने टेस्ट क्रिकेट में आक्रामक अंदाज अपनाते हुए कई यादगार जीत हासिल की हैं। दूसरे टेस्ट में उनकी गैरमौजूदगी टीम को खली थी, लेकिन अब सीरीज के निर्णायक मुकाबले में वह एक बार फिर टीम की कमान संभालते हुए नजर आएंगे। स्टोक्स का अनुभव और नेतृत्व क्षमता इंग्लैंड के लिए काफी अहम साबित हो सकती है, खासकर तब जब सीरीज बराबरी पर खड़ी हो।

ENG vs NZ: तीसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड का स्क्वाड

न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड ने मजबूत और संतुलित टीम चुनी है। स्क्वाड में बेन स्टोक्स , रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, जॉर्डन कॉक्स, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, ओली रॉबिन्सन, जो रूट, जेमी स्मिथ और जोश टंग को शामिल किया गया है। अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं को भी मौका दिया गया है, जिससे टीम हर विभाग में संतुलित नजर आ रही है।

ENG vs NZ: सीरीज 11 से बराबरी पर, निर्णायक होगा नॉटिंघम टेस्ट

तीन मैचों की टेस्ट सीरीज फिलहाल 11 की बराबरी पर है। लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले को इंग्लैंड ने 115 रन से अपने नाम किया था। हालांकि न्यूजीलैंड ने दूसरे टेस्ट में शानदार वापसी करते हुए केनिंग्टन ओवल में 253 रन की बड़ी जीत दर्ज कर सीरीज को बराबरी पर ला खड़ा किया। अब नॉटिंघम में होने वाला तीसरा टेस्ट दोनों टीमों के लिए करो या मरो जैसा मुकाबला होगा। जो टीम इस मैच को जीतेगी, वही सीरीज पर कब्जा जमाएगी।