अशोकनगर के चंदेरी स्थित विक्रमपुर गांव में एक गहरे गड्ढानुमा कुएं में डूबने से 4 सगे भाइयों की मौत हो गई। मां के बिहार जाने के बाद यह दर्दनाक हादसा हुआ, जिससे पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। पढ़िए पूरी खबर…

मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। जहां, चंदेरी तहसील के विक्रमपुर गांव में एक हंसता-खेलता परिवार मिनटों में पूरी तरह उजड़ गया। एक ही झटके में पिता बलवीर सिंह कुशवाह के चार-चार मासूम बेटों की जान चली गई और मां की गोद हमेशा के लिए सूनी हो गई। इस दर्दनाक घटना ने हर ग्रामीण की आंखें नम कर दी हैं।

मां के घर से जाते ही घट गई अनहोनी

हादसे के समय चारों मासूमों की मां बिहार गई हुई थी। पिता बलवीर सुबह करीब 9 बजे रोज की तरह मजदूरी और अपने खेत के काम पर निकल गए थे। घर पर उनके चारों बेटे 9 साल का देव, 7 साल का त्रिदेव, 6 साल का महादेव और महज 4 साल का सबसे छोटा प्रियांश अकेले ही खेल रहे थे। खेलते-खेलते बच्चे घर के पास ही बने एक 5 फीट गहरे पानी से भरे कुएं के करीब पहुंच गए। बच्चों को अंदाजा भी नहीं था कि वहां उनके लिए मौत का फंदा छिपा है।

ताऊ ने देखा पानी में तैरता मासूम का शव

दोपहर करीब 2 बजे जब बच्चों के ताऊ सोमसिंह वहां से गुजर रहे थे, तो उनकी नजर कुएं में तैर रहे छोटे बच्चे प्रियांश पर पड़ी। यह देखते ही उनके पैर तले जमीन खिसक गई। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उन्होंने तुरंत गांव वालों को आवाज दी और पानी के अंदर तलाश शुरू की। जब बाकी लोगों की मदद से देखा गया, तो कुएं के भीतर देव, त्रिदेव और महादेव के भी बेजान शरीर पड़े मिले। एक साथ चार मासूम भाइयों के शव बाहर निकलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

घटना की खबर मिलते ही चंदेरी थाना प्रभारी प्रशांत यादव और तहसीलदार दिलीप दरोगा अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कागजी और कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद चारों बच्चों के शवों को चंदेरी सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की और शवों को रोते-बिलखते परिजनों को सौंप दिया। इस घटना के बाद से ही पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

प्रियांशी नर्मदा ने गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (JMC) में ग्रेजुएशन किया है। फिलहाल वह IGNOU, दिल्ली से मास्टर्स कर रही हैं। कई मीडिया संस्थानों में इंटर्नशिप के बाद उन्होंने 2024 में ‘TV 24’ न्यूज़ चैनल से बतौर कॉपी एडिटर अपने करियर की शुरुआत की। वर्तमान में प्रियांशी NPG News से बतौर कंटेंट राइटर जुडी हैं