मुंबई के बांद्रा में महिला फिटनेस कोच ने 9 साल के बच्चे के ऊपर चढ़ाई तेज रफ्तार कार, तड़प-तड़प कर चली गई जान

Bandra Road Accident: मुंबई के बांद्रा इलाके में दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 साल के बच्चे की मौत हो गई. बांद्रा पश्चिम स्थित जिजामाता गार्डन के सामने सड़क पार कर रहे बच्चे को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार महिला चला रही थी.

मृतक बच्चे की पहचान 9 वर्षीय अंश रविंद्र गुप्ता के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि अंश सड़क पार कर रहा था, तभी कार ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और आरोप है कि कार उसके ऊपर से भी गुजर गई.

कार चलाते समय फोन पर बात कर रही थी महिला

जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा रविवार दोपहर करीब 2:15 से 2:30 बजे के बीच हुआ. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, कार महिला फिटनेस कोच मेघा रावल चला रही थी. आरोप है कि वह मोबाइल फोन पर बात करते हुए तेज और लापरवाही से कार चला रही थी. हादसे के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल अंश को हॉली फैमिली अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक बच्चे के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

महिला चालक गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलने के बाद बांद्रा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपी महिला चालक मेघा रावल को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 105, 281, 125 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है. बांद्रा पुलिस हादसे की परिस्थितियों, वाहन की रफ्तार और आरोपी महिला के मोबाइल फोन इस्तेमाल करने के आरोप समेत पूरे मामले की आगे जांच कर रही है.

तो वहीं दूसरी तरफ मृतक बच्चे के पिता रविंद्र गुप्ता और मां पूनम गुप्ता इस हादसे के बाद से सदमे में हैं. माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. आरोपी महिला के प्रति काफी गुस्सा हैं. मृतक बच्चे का परिवार पुलिस से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहा है.