Raipur Crime News: छत्तीसगढ़ में रायुपुर के तेलीबांधा इलाके से मंगलवार रात लापता युवक को पुरानी रंजिश में मार डाला गया. मृतक युवक की पहचान 22 वर्षीय निरंजन पाल के रूप में हुई है. बुधवार शाम को उसका शव कमल विहार के सेक्टर17 स्थित सीवरेज से बरामद हुआ. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों विनोद तांडेकर और राजा नायडू को हिरासत में लिया है. दोनों ने हत्या की बात कुबूल कर ली है. जानकारी के अनुसार, दोनों ने निरंजन को पार्टी के बहाने बुलाया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। फिर गमछ से उसका गला घोंट दिया.

इसके बाद उसका शव सीवरेज में फेंक दिया. बाइक और मोबाइल काठाडीह एनीकट के पास नदी में फेंक दिए. मृतक की मां रंजनी पाल काशीराम नगर की रहने वाली हैं. वो अंबेडकर अस्पताल में सफाई का काम करती हैं. रंजनी के दो बच्चे हैं. निरंजन बड़ा बेटा था, जबकि एक छोटी बेटी है. पति के जाने के बाद निरंजन ही उनका एकमात्र सहारा था. मृतक की मां के अनुसार, मंगलवार रात करीब 8 बजे कॉलोनी के विनोद और राजा घर आए और निरंजन को बाहर बुलाकर बाइक पर साथ ले गए. रात 9 बजे फोन करने पर निरंजन का मोबाइल बंद आया.

मां अपने बेटे के लौटने का इंतजार करती रही

देर तक मां अपने बेटे के लौटने का इंतजार करती रही. बुधवार सुबह 6 बजे मां ने परिचितों और रिश्तेदारों के यहां बेटे की तलाश की. फिर तेलीबांधा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई. इसी दौरान काठाडीह एनीकट में निरंजन की बाइक मिली. पुलिस ने पता लगाया कि आखिरी बार निरंजन को किसके साथ देखा गया था. फिर दोनों संदिग्धों को पकड़ा और उनकी निशानदेही पर शव को बरामद किया. बेटे की हत्या की खबर सुनकर मां बेसुध हो गई.

विनोद रखता था निरंजन से रंजिश

पुलिस के मुताबिक, विनोद तांडेकर के बेटे राजा तांडेकर की पिछले साल 25 जून को चाकू मारकर हत्या हुई थी. इस मामले में चार आरोपियों की गिरफ्तारी की गई थी. सभी निरंजन के साथी थे. विनोद को शक था कि निरंजन भी उसके बेटे हत्या में शामिल था. हालांकि, जांच में निरंजन की संलिप्तता हत्या में नहीं पाई गई, लेकिन विनोद को उससे रंजिश थी. विनोद ने ही निरंजन की हत्या का प्लान बनाया.

पार्टी कराई फिर मार डाला

इसके बाद मंगलवार रात निरंजन को पार्टी के बहाने कमल विहार के सेक्टर17 ले जाया गया. वहां विनोद, राजा और निरंजन ने पार्टी की. इसी दौरान विनोद ने गमछे से निरंजन का गला घोंट दिया. फिर दोनों ने शव घसीटकर सीवरेज में फेंक दिया. राजा निरंजन की बाइक लेकर काठाडीह पहुंचा और नदी में फेंक दी. मोबाइल भी बंद करके वहीं फेंक दिया.