UP Weather Update: उत्तर प्रदेश के लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद कम नजर आ रही है। मानसून का इंतजार कर रहे प्रदेशवासियों को अभी कुछ और दिन तपती धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के 39 जिलों में लू का असर जारी रहेगा, जबकि 25 जून के बाद प्रीमानसून गतिविधियां शुरू होने की संभावना है।

बांदा में बादलों ने दी थोड़ी राहत, लेकिन उमस बढ़ी

यूपी के सबसे गर्म शहरों में शामिल बांदा में सोमवार को मौसम ने हल्का करवट लिया। शाम के समय कुछ इलाकों में बादल छाए और हल्की बूंदाबांदी भी हुई। हालांकि बारिश इतनी नहीं हुई कि लोगों को गर्मी से राहत मिल सके। उल्टा बारिश रुकते ही उमस और बढ़ गई। सोमवार को बांदा का अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.08 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

तेज धूप से बेहाल हुए लोग

सुबह होते ही सूरज आग उगलने लगता है। दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में लोगों की आवाजाही कम हो रही है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को तेज धूप और गर्म हवाओं का सबसे ज्यादा सामना करना पड़ रहा है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश जरूर हुई है, लेकिन अधिकांश जिलों में गर्मी और उमस का प्रकोप बरकरार है। अगले तीन दिनों तक लखनऊ समेत अवध क्षेत्र के कई जिलों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।

25 जून के बाद शुरू हो सकती हैं प्रीमानसून गतिविधियां

मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में मानसून पहुंचने में अभी पांच से छह दिन का समय लग सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक 25 जून के बाद प्रीमानसून गतिविधियां तेज हो सकती हैं, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। हालांकि तब तक मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लू का असर बना रहने की संभावना है।

इन जिलों में लू का अलर्ट

मंगलवार को लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, चित्रकूट, बांदा, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, सीतापुर, हरदोई, कानपुर नगर और उन्नाव समेत आसपास के इलाकों में लू चलने की आशंका जताई गई है।

ये भी पढ़ें: 

बारिश का इंतजार कर रहे किसान

ग्रामीण इलाकों में किसान खरीफ सीजन की तैयारियों में जुट गए हैं, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं होने से खेतों में नमी की कमी बनी हुई है। धान, उड़द और तिल जैसी फसलों की बुवाई के लिए किसान अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। मौसम में बारबार हो रहे बदलाव उम्मीद तो जगा रहे हैं, लेकिन फिलहाल मानसून की झमाझम बारिश अभी दूर दिखाई दे रही है। 

ये भी पढ़ें: