Ravishankar Prasad On Congress: परिसीमन विधेयक और 2024 के लोकसभा चुनावों की निष्पक्षता को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा केंद्र सरकार और चुनाव प्रक्रिया पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद, भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद रविशंकर प्रसाद ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कांग्रेस पर तीखा पलटवार किया।

2024 के चुनावों और इस्तीफे की मांग
रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी के उन बयानों पर सवाल उठाया, जिनमें उन्होंने 2024 के आम चुनावों को फर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘फेक प्राइम मिनिस्टर’ कहा था। भाजपा नेता ने तर्क दिया कि यदि यह चुनावी प्रक्रिया फर्जी थी, तो राहुल गांधी, उनकी बहन और विभिन्न राज्यों में बनी कांग्रेस की सरकारें भी इसी प्रक्रिया से चुनकर आई हैं। उन्होंने इसे ‘दोहरा मापदंड’ बताते हुए राहुल गांधी से नैतिक आधार पर संसद की सदस्यता से इस्तीफा देने की मांग की।
परिसीमन और महिला आरक्षण का मुद्दा
राहुल गांधी ने इंदिरा भवन में आयोजित अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया था कि सरकार परिसीमन बिल के जरिए देश का एक नया चुनावी नक्शा तैयार करने और 850 सीटों के माध्यम से लोकतंत्र को कमजोर करने की योजना बना रही है। इसके जवाब में रविशंकर प्रसाद ने कहा कि प्रस्तावित विधेयक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महिला सशक्तिकरण की प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कांग्रेस पर महिला विरोधी होने का आरोप भी लगाया।
चुनाव आयोग और ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर जवाब
राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि भाजपा पिछले दस वर्षों से ‘वोट चोरी’ करके चुनाव जीत रही है और देश के युवा भी चुनावी प्रक्रिया पर संदेह करते हैं। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इस पर पलटवार करते हुए रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी बिना किसी ठोस सबूत के संवैधानिक संस्थाओं और न्यायपालिका पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने तथ्यात्मक त्रुटि की ओर इशारा करते हुए कहा कि 2024 के चुनावों के समय ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं थे, फिर भी उनका नाम लेकर जनता को गुमराह किया जा रहा है।
कांग्रेस के आपातकाल का जिक्र
कांग्रेस शासन के दौरान हुए पिछले तीन परिसीमनों का हवाला देते हुए प्रसाद ने पूछा कि क्या उस समय भी लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ हुआ था। उन्होंने 1975 के आपातकाल की याद दिलाते हुए कहा कि भारतीय लोकतंत्र की जड़ें हमारी सभ्यता और संस्कृति में गहराई तक जुड़ी हैं, जबकि विपक्ष की आवाज दबाने और पत्रकारों को जेल भेजने का इतिहास कांग्रेस का रहा है।


