
Punjab Pregnant Woman Attack: पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब से सामने आई एक घटना ने प्रेम विवाह के बाद परिवार कि कथित दुश्मनी को लेक गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आरोप है कि जिस लड़की ने करीब तीन साल पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ हाई कोर्ट में शादी की, उसी के परिजनों ने कथित तौर पर उसके पति के घर पर धावा बोल दिया.
तलवार और किरपानों से हमला करने के बाद साढ़े पांच महीने की गर्भवती महिला को जबरन अपने साथ ले जाया गया. अगले दिन उसे नहर में फेंकने का भी आरोप है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। हालांकि, पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही साफ होगी.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, मामला श्री मुक्तसर साहिब जिले के कराई वाला गांव का बताया जा रहा है. पीड़ित दंपत्ति ने करीब तीन साल पहले हाई कोर्ट में इंटर-कास्ट लव मैरिज की थी. युवक SC समाज से है, जबकि युवती जट सिख परिवार से ताल्लुक रखती है. शादी के बाद से ही लड़की के परिवार की नाराजगी और दोनों पक्षों के बीच तनाव की बात सामने आती रही है. आरोप है कि दो दिन पहले करीब 10 से 12 लोग हथियार लेकर सतनाम सिंह के घर पहुंचे.
पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों के हाथों में तलवारों और किरपानें थीं. घर में घुसते ही उन्होंने परिवार पर हमला कर दिया. सतनाम सिंह के सिर और हाथ पर चोट लगने का दावा किया गया है. उनकी बुजुर्ग मां के साथ भी दरिंदों ने मारपीट की.
पांच महीने की गर्भवती को फेंका नहर में
इसी दौरान हमलावर कथित तौर पर सतनाम सिंह की पत्नी अमृतप्रीत कौर को जबरन अपने सा थ ले गए. परिवार के मुताबिक, उस समय अमृतप्रीत करीब साढ़े पांच महीने की गर्भवती थीं. आरोप है कि अगली सुबह करीब 7:30 बजे महिला को बड़ी नहर में फेंक दिया गया. पीड़ित परिवार ने दावा किया कि उसे उसके पिता और भाइयों ने नहर में फेंका. हालांकि, महिला किसी तरह पानी से बाहर निकलने में सफल रही. बाद में गांव के सरपंच की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया.
महिला ने क्या बताया?
घटना के बाद महिला का बयान भी सामने आया है. परिवार का आरोप है कि पूरी वारदात इंटर-कास्ट शादी से नाराजगी का परिणाम है. पीड़ितों ने सरपंच की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए उनकी कथित शह का आरोप लगाया है. मामले में गिद्दड़बाहा पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर उसके पिता समेत छह लोगों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया है. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और महिला के बयान व दर्ज मामले के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.



