
अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में मारे गए ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के 40वें दिन दिल्ली में एक शोक सभा रखी गई. कांग्रेस की तरफ से सलमान खुर्शीद, गुरदीप सिंह सप्पल और कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए. सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा थी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वहां मंच पर बोलते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने खामेनेई को महान नेता बताया. निधन के 40वें दिन ईरानी दूतावास की ओर से आयोजित कार्यक्रम में नकवी ने कहा कि हम सब यहां ईमान, इंसाफ और इंसानियत की हिफाजत के लिए… महान आध्यात्मिक शख्सियत, ग्रेट और प्राउड आध्यात्मिक नेता (खामेनेई) की शहादत पर श्रद्धांजलि पेश करने आए हैं.
नकवी ने साफ कहा कि खामेनेई का मैसेज बहुत लाउड और क्लियर था – उसूलों पर जहां आंच आए टकराना जरूरी है, जो जिंदा हो तो फिर जिंदा नजर आना जरूरी है. पूर्व कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इंसानियत के लिए, ईमान के लिए और इंसाफ के लिए, उन्होंने जो पूरी दुनिया को संदेश दिया है, वो कयामत तक इंसानियत याद रखेगी. ये दुनिया याद रखेगी.
दुनिया का हर मुल्क यही करेगा: नकवी
भाजपा नेता ने आगे कहा कि संप्रभुता और सुरक्षा किसी भी मुल्क की आत्मा होती है और उस आत्मा पर कहीं पर भी, किसी भी तरह की चोट होती है, तो दुनिया का हर मुल्क अपने लोगों और सभ्यता को महफूज रखने का काम करता है. उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, ‘नई दिल्ली में ईरान कल्चर हाउस में ईरान के सुप्रीम लीडर एवं महान आध्यात्मिक शख्सियत अयातुल्ला अली खामेनेई जी की शहादत के चालीसवां में शामिल होकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए बड़ी संख्या में समाज के सभी वर्गों के लोग मौजूद रहे.’
सलमान खुर्शीद ने याद की कुर्बानी
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कार्यक्रम में कहा कि हम लोगों के लिए रहबर ने रास्ता दिखाया है कि जिंदगी कैसे जी जाती है और मौत का सामना कैसे किया जाता है? कुर्बानी क्या होती है और कुर्बानी को कैसे गले लगाया जाता है.



