नकली दवाओं का कारोबार करने वाले गिरोह के सरगना प्रशांत बाबू को दिल्ली पुलिस ने बेंगलुरु से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. इससे पहले कर्नाटक की विशेष जांच टीम उसे गिरफ्तार कर चुकी थी. अब दिल्ली के मोतीबाग थाने में दर्ज 2 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में दिल्ली पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में लिया है. पूछताछ में प्रशांत ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं.

पुलिस के मुताबिक, प्रशांत बाबू कैंसर मरीजों की मजबूरी का फायदा उठाकर अवैध कमाई कर रहा था. दरअसल, एक कंपनी की ओर से करीब 5 लाख रुपये कीमत के दो कैंसर इंजेक्शन खरीदने पर एक इंजेक्शन मुफ्त दिया जाता था. इस ऑफर की जानकारी मरीजों को नहीं दी जाती थी. आरोप है कि प्रशांत बाबू मुफ्त मिलने वाले इंजेक्शन को भी मरीजों को बेचकर पैसे वसूलता था.
जांच में यह भी सामने आया है कि अगर इंजेक्शन इस्तेमाल करने के बाद किसी मरीज की मौत हो जाती थी तो उसके परिवार से बचे हुए इंजेक्शन वापस ले लिए जाते थे. इसके बाद इन इंजेक्शन को दूसरे मरीजों को मूल कीमत पर बेच दिया जाता था. इस तरह एक ही इंजेक्शन से दोबारा कमाई की जाती थी. जांच एजेंसियों के मुताबिक, गिरोह कैंसर मरीजों की बीमारी और उनकी मजबूरी को अपने अवैध कारोबार का जरिया बना रहा था.
दक्षिण भारत के छह राज्यों तक फैला था नेटवर्क
जांच में नकली दवाओं के इस कारोबार का दायरा काफी बड़ा होने की जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि यह नेटवर्क कर्नाटक समेत दक्षिण भारत के छह राज्यों में सक्रिय था. गिरोह ने कई निजी अस्पतालों और सैकड़ों मेडिकल स्टोर के जरिए मरीजों तक दवाएं पहुंचाई थीं.
अब तक की जांच में 15 हजार से ज्यादा मरीजों को इस नेटवर्क के जरिए दवाओं की आपूर्ति किए जाने की जानकारी मिली है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। हालांकि, इस पूरे कारोबार में कितने इंजेक्शन अवैध तरीके से बेचे गए और कितने मरीजों को इसका नुकसान हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. कर्नाटक की SIT इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में लगी है.
2 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में दिल्ली पुलिस का एक्शन
प्रशांत बाबू के खिलाफ दिल्ली के मोतीबाग पुलिस स्टेशन में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज है. आरोप है कि उसने दवाएं उपलब्ध कराने का भरोसा देकर एक व्यक्ति से करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी की थी. इस मामले में दिल्ली पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी.
अब दिल्ली की अदालत से अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने बॉडी वारंट के जरिए उसे अपनी हिरासत में लिया है. फिलहाल उससे 2 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पूछताछ की जा रही है. वहीं, कर्नाटक की SIT नकली दवाओं के कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों, अस्पतालों और मेडिकल स्टोर की भूमिका की भी जांच कर रही है. जांच एजेंसियों का मकसद इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों का पता लगाना है.



