Ketan Agarwal Death Case: पुणे के व्यापारी केतन अग्रवाल की मौत को लेकर एक के बाद एक बड़े खुलासे हो रहे हैं. जांच के बीच एक और बात सामने आई है कि केतन को मारने से पहले उसकी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने हत्या को अंजाम देने से पहले रिहर्सल की थी.

पुलिस ने बताया कि पुणे के लुल्ला नगर स्थित एक क्लब के बगल में खुले मैदान में दोनों ने केतन की हत्या को अंजाम देने के लिए प्रैक्टिस की थी. गुरुवार को पुलिस की एक टीम सिया को इसी खुले मैदान में ले गई थी. पुलिस के मुताबिक, जांच में यह भी पता चला कि सिया और चेतन ने इस करतूत को अंजाम देने के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ने से बचने के लिए कई तरीके खोजे थे. इसके लिए उन्होंने सोशल मीडिया और इंटरनेट का इस्तेमाल किया.

अपराध छिपाने के लिए अपनाएं पैंतरे
‘इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के मुताबिक, एक अधिकारी ने कहा,’ जांच आगे बढ़ने के साथसाथ यह स्पष्ट होता जा रहा है कि सिया और चेतन ने न केवल अपनी साजिश को अंजाम देने की योजना बनाई, बल्कि जानबूझकर यह सुनिश्चित करने के लिए कदम भी उठाए कि इन्वेस्टिगेटर्स की ओर से इस घटना को हत्या के मामले के रूप में न पहचाना जाए. उन्होंने अपराध को छिपाने और जांच को गुमराह करने के लिए फिजिकल और डिजिटल दोनों डोमेन में उपाय अपनाए.’

हत्या के लिए की प्रैक्टिस
पुलिस अधिकारी ने कहा,’ हमें पता चला है कि सिया और चेतन ने केतन को चट्टान से धक्का देने की प्लानिंग को अंजाम देने का अभ्यास किया था. यह अभ्यास पुणे के लुल्ला नगर इलाके में एक क्लब के पास किया गया था. हम अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि इस जगह को क्यों चुना गया और दोनों ने प्रैक्टिस कैसे की. गुरुवार सुबह एक इन्वेस्टिगेशन टीम सिया को अभ्यास के तरीके का पता लगाने के लिए उस जगह पर ले गई.’ पुलिस ने पहले यह भी जानकारी दी थी कि चेतन और सिया ने अपराध को छिपाने के लिए अपनी चैट हिस्ट्री भी डिलीट कर दी थी. इसके साथ ही उन्होंने केतन को किले से धक्का देने के लिए एक संकेत भी तय किया था. यह संकेत था कि सिया जमीन पर बैठ जाएगी.

कैसे दिया धक्का?
पुलिस का कहना है कि सिया अक्टूबर से चेतन के साथ रिश्ते में थी और केतन से शादी नहीं करना चाहती थी. इसलिए उसने चेतन के साथ मिलकर केतन की हत्या की साजिश रची. 18 जून 2026 को केतन और सिया पुणे के पास स्थित लोहागढ़ किले में गए. जांच में पता चला कि चेतन पहले से ही वहां मौजूद था. पहचान छिपाने के लिए चेतन हुडी पहनकर सिया और केतन के पीछेपीछे तब तक गया जब तक कि वे उस जगह पर नहीं पहुंच गए, जहां से उन्होंने केतन को धक्का देने का फैसला किया था. फिर सिया जमीन पर बैठ गई, जो चेतन के लिए इशारा था फिर उसने केतन को किले के बगल में स्थित 350 मीटर गहरी खाई में धक्का दे दिया.