Himachal Se: Unnao AC Bus Accident Today: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में लखनऊआगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. दिल्ली से बिहार जा रही एक डबल डेकर एसी बस सुबह करीब 5 बजे अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. इस भीषण दुर्घटना में पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. बताया जा रहा है कि बस में करीब 30 यात्री सवार थे. पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, सुबह के वक्त ड्राइवर को नींद की झपकी आने की वजह से यह बड़ा हादसा हुआ.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस की रफ्तार काफी तेज थी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 262 के पास अचानक ड्राइवर ने वाहन पर से संतुलन खो दिया. इसके बाद बेकाबू बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई और एक्सप्रेसवे की रेलिंग पर जाकर लटक गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के शीशे टूट गए और कई यात्री खिड़कियों से सीधे एक्सप्रेसवे के नीचे जा गिरे.
हादसे के बाद मची चीखपुकार
हादसे के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई. स्थानीय लोगों और राहगीरों की सूचना पर औरास थाना पुलिस, यूपीडा की रेस्क्यू टीम और कई एंबुलेंस तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं. टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर और अन्य पीड़ितों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, और उनकी शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है.



