Jabalpur Ganja Smuggling: मध्यप्रदेश के जबलपुर में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पार्सल कंटेनर की आड़ में करोड़ों रुपए के गांजे की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से करीब 1000 किलो गांजा बरामद किया गया है जिसकी कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपए बताई जा रही है.

वहीं गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे कंटेनर की कीमत करीब 50 लाख रुपए आंकी गई है. क्राइम ब्रांच और गोसलपुर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से नशे की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता मिली है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। दरअसल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पार्सल कंटेनर में भारी मात्रा में गांजा भरकर तस्करी की जा रही है.
हाईवे पर घेराबंदी कर संदिग्ध कंटेनर को रोका
सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और गोसलपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला और जबलपुर कटनी नेशनल हाइवे गोसलपुर थाना क्षेत्र के मुस्कुरा ग्राम के पास हाईवे पर घेराबंदी कर संदिग्ध कंटेनर को रोक लिया. जब पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली तो उसके अंदर गांजे की बड़ी खेप देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए. जांच के दौरान करीब एक हजार किलो गांजा बरामद हुआ.
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की पहचान धर्मवीर सिंह और विक्रम कर्मकार के रूप में हुई है. दोनों उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के निवासी बताए जा रहे हैं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि कंटेनर का मालिक धर्मवीर सिंह खुद ही गांजे की तस्करी में शामिल था और अपने साथी के साथ इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था.
आरोपी अंबाला से गांजे की बड़ी खेप लेकर निकले थे
पुलिस के मुताबिक आरोपी अंबाला से गांजे की बड़ी खेप लेकर निकले थे और कंटेनर के जरिए कटनी की ओर जा रहे थे. तस्करों ने पार्सल कंटेनर की आड़ में गांजे की सप्लाई का तरीका अपनाया था. रास्ते में अलगअलग जगहों पर हैंडलर्स को गांजे के पैकेट सप्लाई किए जा रहे थे. यानी कंटेनर एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने के दौरान नशे की खेप की डिलीवरी भी करता जा रहा था.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रास्ते में आरोपियों ने कहांकहां गांजे के पैकेट उतारे और इस तस्करी में उनके साथ कितने लोग शामिल हैं. गोसलपुर थाना प्रभारी भावना तिवारी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और किनकिन स्थानों पर इसकी डिलीवरी की जानी थी.
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इसके अलावा रास्ते में जिन स्थानों पर गांजे के पैकेट सप्लाई किए गए हैं, उनकी भी जानकारी जुटाई जा रही है. फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस को आशंका है कि इस कार्रवाई के जरिए गांजा तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है.
अब जांच का फोकस अंबाला से लेकर कटनी तक फैले तस्करी के रास्ते, गांजे के सप्लायर, स्थानीय हैंडलर्स और डिलीवरी लेने वालों तक पहुंचने पर है.



